(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट)
Panipat के Samalkha में भाजपा सदस्यता अभियान 2024 के तहत एक कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन विधायक मनमोहन भड़ाना के निवास स्थान पर किया गया। इस कार्यक्रम में समालखा हलके के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न गांवों के सरपंच और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत में विधायक मनमोहन भड़ाना ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी भड़ाना का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक मनमोहन भड़ाना ने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति की शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि “आप लोगों ने मुझे विधायक बनाया है, और मैं हर कार्यकर्ता की उम्मीद पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा।”
उन्होंने अपने संबोधन में यह स्पष्ट किया कि “मैं समालखा हलके से किसी भी प्रकार की स्वार्थी राजनीति नहीं करूंगा। मेरा एकमात्र उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।” उन्होंने समालखा हलके में गुंडागर्दी और दबंगई को समाप्त करने की भी बात कही और कहा, “समालखा हलके की जनता मेरी ताकत है, और मैं केवल उनके समर्थन से ही कुछ कर सकता हूं।”
विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य का समर्थन करते हुए कहा, “हम सभी को इस लक्ष्य में सहयोग करना चाहिए। 2024 का लक्ष्य हमारे सामने है, और 2047 तक हम एक समृद्ध और विकसित भारत बनाने में सफल होंगे।”
उन्होंने 9 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पानीपत दौरे के बारे में भी बताया और सभी से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ताकि हम प्रधानमंत्री के विचारों को सुन सकें।
समारोह में राजेंद्र शर्मा हल्दाना, कुलदीप जांगड़ा, अशोक शर्मा हथवाला, आशु रुहल मच्छरौली, दीपक रुहल, नरेश बेनीवाल, शिवकुमार सरपंच, मैनपाल, कृष्णा देहरा, रामकिशन, राजेंद्र, सरपंच रामधन सैनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।





