सीआईए टू पुलिस टीम ने ई रिक्शा चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर निशानदेही पर चोरी की एक ई रिक्शा व तीन बैटरी बरामद की। आरोपी की पहचान कमल निवासी सौदापुर के रूप में हुई।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम को शनिवार देर शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि गांव सौदापुर अड्डे पर संदिग्ध किस्म का एक युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानते हुए मौके पर दबिश देकर युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान कमल निवासी सौदापुर के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने एक सप्ताह पहले माडल टाउन में शिवाजी स्टेडियम के पास से एक ई रिक्शा चोरी करने बारे स्वीकारा। ई रिक्शा चोरी की उक्त वारदात बारे थाना माडल टाउन में सुशील निवासी कश्यप कॉलोनी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
बैटरी निकाल ई-रिक्शा फैंकी रजवाहे में
आरोपी ने पकड़े जाने के डर से चोरीशुदा ई रिक्शा की बैटरी निकाल कर ई रिक्शा को रजवाहे में फैक दिया।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया की उसने शार्टकट तरिके से पैसे कमाने की चाहत में उक्त ई रिक्शा चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पुलिस पकड़ से बचने के लिए चोरीशुदा ई रिक्शा की तीनों बैटरी निकालकर अपने घर में छुपाकर रख ली व ई रिक्शा को गांव गढ़ी सिकंदरपुर के पास रजवाहे में डाल दिया। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर आरोपी के घर से तीनों बैटरी व रजवाहे से ई रिक्शा बरामद कर रविवार को आरोपी कमल को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
स्टेडियम के पास से ई-रिक्शा चोरी
थाना माडल टाउन में सुशील निवासी कश्यप कॉलोनी ने शिकायत देकर बताया था कि 27 जुलाई को वह अपनी ई-रक्शा लेकर माडल टाउन में शिवाजी स्टेडियम के पास गया था। वह ई रिक्शा को शिवाजी स्टेडियम के पास खड़ी कर रोड की दूसरी तरफ सामान लेने गया तभी एक अज्ञात युवक उसकी ई रिक्शा को चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना माडल टाउन में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

