Hanuman Janmotsav 2024 : हनुमानजी, कहते है कि किसी भी प्रकार का संकट हो, उसे काटने में हनुमानजी(Hanumanji) पूरी तरह से सक्षम है, तभी भक्त हनुमानजी की शरण में पहुंचकर उन्हें सिंदूर चढ़ाने के साथ उनकी आराधना करते है, ताकि जल्द से जल्द उनकी सभी प्रकार की परेशानियां दूर हो जाए। यदि बात की जाए कि हनुमान जन्मोत्सव या फिर हनुमान जी के किसी भी त्यौहार की, तो अधिक से अधिक संख्या में युवा पीढ़ी कार्यक्रमों में पहुंचती है और मंदिरों में भी हनुमान पूजन करने में विश्वास रखती हैं।
बता दें कि एमआरएस विद्या मंदिर के प्रांगण में सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों ने अपने हाथों में 251 फीट का हनुमानजी का झंडा लेकर सड़कों पर डोर टू डोर लोगों से हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित होने वाली रथ यात्रा में पहुंचने का आह्वान किया। इस अवसर पर तहसील कैम्प के आस-पास के क्षेत्र की सड़कें राम नाम के जयकारों से गूंज उठी। इस दौरान सड़कों पर कोई भी ऐसा शख्स नजर नहीं आया, जिसने बच्चों को कार्यक्रम में पहुंचने से मना किया हो। वहीं कार्यक्रम में पहुंचने पर कृष्ण रेवड़ी प्रधान सनातन धर्म संगठन व विकास गोयल संयोजक सबको रोशनी फाऊंडेशन का सभी बच्चों व स्टाफ द्वारा फूल मालाओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

स्कूली बच्चों की प्रचार रैली 251 फीट के झंडे के साथ एमआरएस विद्या मंदिर स्कूल से शुरू होकर प्रीत विहार, प्रकाश नगर, सेक्टर 13-17, बरसत रोड चुंगी से होते हुए सब्जी मंडी, तहसील कैंप प्राचीन शिव मंदिर, फतेहपुरी चौक, मिट्ठन स्वीट्स, हनुमान मंदिर तहसील कैंप, जीटी रोड सहित विभिन्न मार्गो से होते हुए सभी को 23 अप्रैल की सनौली रोड सब्जी मंडी से शुरू होने वाली रथ यात्रा का निमंत्रण देते हुए पाहुजा हॉस्पिटल से वापिस एमआरएस विद्या मंदिर विंग 2 राम नगर तहसील कैंप में पहुंची।

एक जैसी वेशभूषा में नजर आएंगे ब्राह्मण
वहीं शहर के कई मंदिरों ने मिलकर सोमवार को देवी मंदिर में बैठक का आयोजन किया। इस दौरान हनुमान जन्मोत्सव को लेकर सभी ब्राह्मणों ने कहा कि सनौली रोड सब्जी मंडी से 23 अप्रैल को निकलने वाली हनुमानजी की रथ यात्रा में अधिक से अधिक ब्राह्मण भाग लेंगे और सभी ब्राह्मण एक जैसी वेशभूषा में हनुमानजी का पूजन करते हुए नजर आएंगे।

क्या आप नहीं खीचेंगे हनुमानजी का रथ
हरीश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि हर साल की तरह इस साल भी हनुमान जयंती के दिन यानी 23 अप्रैल 2024 को मंगलवार को हनुमानजी की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जो शाम 3 बजे सब्जी मंडी से चलकर भीमगोडा चौक, अमर भवन चौक, पचरंगा बाजार होती हुई देवी मंदिर तक जाएगी। यह हमारे लिए बड़े हर्ष का विषय है, यह यात्रा बड़े ही भव्य रूप में निकाली जा रही है और शहर की सभी बड़ी संस्थाएं यात्रा का भाग बन रही है। मेरा यही अनुरोध है कि अपने परिवार सगे संबंधियों और मित्रों के साथ यात्रा में भाग लें और हनुमानजी के पावन रथ को अपने हाथों से खींचे और हनुमानजी का पवित्र प्रसाद ग्रहण करें।


