हरियाणा के Panipat में एक चौंकाने वाली घटना हुई है। बीड़ी न देने के विवाद में एक युवक को उसके ही दोस्त ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद, वे उसे घायल अवस्था में कार में डालकर सिविल अस्पताल ले गए। यहां मेन गेट के बाहर सड़क पर उसे छोड़कर, गोली मारने वाला बदमाश अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गया। घायल युवक ने तुरंत अपने परिजनों को बुलाया। परिजन उसे वहां से निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि घायल युवक का नाम दीपक है, जो तहसील कैंप का रहने वाला है। दीपक अपने दोस्तों अंकुश, रानी और दो अन्य के साथ कार में सवार होकर टोल प्लाजा के पास एक ढाबे पर खाना खाने गया था। खाने से पहले सभी ने शराब पी थी। इसी दौरान दीपक और अंकुश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जब सभी खाना खाकर वापस जाने लगे, तो बहस बढ़ गई। सभी लोग कार से नीचे उतरे और बहस के बाद दीपक को कार में बैठा लिया। इस दौरान अंकुश ने दीपक से बीड़ी मांगी, लेकिन दीपक ने मना कर दिया। बीड़ी न देने पर अंकुश ने दीपक को गोली मार दी। गोली पहले दीपक के हाथ में लगी और फिर उसकी छाती के आर-पार हो गई।
पहले बताया कि अज्ञात लोगों ने मारी गोली
दीपक को घायल अवस्था में कार में बिठाकर आरोपी सिविल अस्पताल ले गए और गेट पर छोड़कर फरार हो गए। घायल दीपक ने राहगीर के फोन से अपने परिजनों को बुलाया। परिजन दीपक को सिविल अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, प्रारंभिक पूछताछ में घायल ने डर के कारण पुलिस को बताया कि वह स्कूटी पर सवार होकर काबड़ी की ओर जा रहा था, तभी 6 सेक्टर के पास अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी। पुलिस ने दीपक के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।