पानीपत जिले के मतलौडा कस्बे में रहने वाली एक महिला को उसकी ससुराल में दहेज के लिए बहुत ही बुरी तरह से मारपीट करने का मामला सामने आया है। जिसमें महिला को फांसी पर लटकाने की भी कोशिश की गई। महिला ने पुलिस को शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर जांच शुरू की।
जानकारी अनुसार पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2022 में हुई थी और शादी के बाद ही उसे दहेज में बाइक नहीं मिलने का ताना दिया जाने लगा। इसके बाद पति और सास ने उससे अनेक आभूषणों की मांग की, जिसके चलते महिला बहुत परेशान थी। पिता ने भी घर बसाने के लिए 20 हजार रुपए दिए, लेकिन दोनों असंतुष्ट रहे और रोजाना मारपीट करते रहे।
महिला ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी और उनकी मदद से पुलिस में शिकायत दी। शिकायत के बाद पंचायत भी हुई, जिसमें आरोपी रिश्तेदार भी माफी मांगने के लिए आए। हालांकि बाद में मां के बहकावे में आकर महिला को फिर से मारा-पीटा गया और दहेज का सामान भी तोड़ दिया गया। अगस्त में एकमत होकर मां-बेटा ने उसकी गर्दन दबाई और फांसी पर लटकाने की कोशिश की, लेकिन किसी तरह महिला बच गई। महिला ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

