हरियाणा के पानीपत जिले के एक गांव की रहने वाली महिला के साथ करनाल स्थित उसकी ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़नाएं की गई। आरोपियों ने पति को घर से भगा दिया। इसके बाद ससुर ने बहू को कहा कि वह उसके साथ रहे ले। जिस बात का विरोध मायका पक्ष वालों ने किया तो आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। महज डेढ साल में ही रिश्ता पूरी तरह खराब हो गया। जिसकी शिकायत महिला ने पानीपत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि वह गांव गांजबड़ की रहने वाली है। उसकी शादी फरवरी 2022 में अनिकेत निवासी नई ज्योति नगर, मान कॉलोनी करनाल के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वालों ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। उन्होंने गाली-गलौज, मारपीट करनी शुरू की। उस पर मायके से कैश मंगवाने की डिमांड की। महिला के मना करने उसके साथ पूरा परिवार मारपीट करता था। महिला ने बताया कि उसके ससुराल वालों ने उसे इस बात के लिए खूब पीटा कि उसके पिता ने उसकी शादी होटल में नहीं की।
दादी सास पोते की दूसरी शादी करने की देती थी बार-बार धमकी
महिला का ये भी कहना है कि उसके पिता ने उसके ससुर के खाते में क्रमश: 22 हजार, 13 हजार व 8 हजार रुपए दिए। ताकि वे उसकी बेटी को सही रखे। दादी सास बिमला बार-बार उसे धमकी देती रही कि वह अपने पोते की दूसरी शादी करवा देगी। इन सब प्रताड़नाओं की जब महिला के परिवार वालों ने बिचौलिया से बात की तो उसने कहा कि उसे लड़का पक्ष वालों की ओर से अंगूठी मिली थी, इसलिए वह उनकी ही सुनेगा। 15 अगस्त को महिला अपने मायका गई।
ससुर ने बंदूक उठाकर दी गोली मारने की धमकी
जब ससुराल वाले उसे लेने नहीं आए तो 26 सितंबर को महिला खुद ही ससुराल चली गई। जहां ससुर ने कहा कि उसके साथ रहना है तो रह ले, क्योंकि अनिकेत अब वहां नहीं है। यह बात सुनकर महिला व उसके मायका वालों को गुस्सा आ गया। महिला के भाई ने कहा कि गलत न बोलो। इस बात पर आरोपी ससुर अपनी लाइसेंसी बंदूक उठा लाया और गोली मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने मनगढंत कहानी बनाकर पुलिस को वहां बुलाया और उन्हें पकड़वा दिया। जोकि बाद में थाने से छूटे।