City Tehlka

6 जिलों में मध्यम और 3 में हल्की बारिश, गर्मी से राहत

हरियाणा

हरियाणा के 13 जिलों में तेज गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट
6 जिलों में मध्यम बारिश, पश्चिमी जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना
मानसून 28 जून तक हरियाणा पहुंच सकता है, सामान्य से पहले एंट्री



हरियाणा में इस सप्ताह की शुरुआत मौसम के नए तेवरों के साथ होगी। सोमवार के लिए मौसम विभाग ने 13 जिलों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों को येलो अलर्ट में रखा गया है, उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं। यहां सोमवार को तेज बारिश और 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

वहीं, मौसम विभाग ने 6 जिलों — जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी — में मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जैसे पश्चिमी जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

Whatsapp Channel Join

रविवार को भी कुछ जिलों में बारिश हुई, खासकर पानीपत, कैथल, फतेहाबाद और नूंह में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में केवल बादल छाए रहे। बारिश और बादलों की वजह से गर्मी में राहत महसूस की गई और प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार, मानसून की रफ्तार इस बार तेज है और यह हरियाणा में 28 जून तक दस्तक दे सकता है, जो सामान्य तिथि से करीब एक हफ्ता पहले होगा। इसका मतलब यह है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक बारिश की संभावना बनी रहेगी।

तापमान में हलचल:
रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान मामूली रूप से 0.1 डिग्री गिरकर सामान्य से 3.6 डिग्री नीचे पहुंच गया। फिर भी, सिरसा 42 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला बना रहा। वहीं, तापमान में सबसे बड़ी उछाल सोनीपत के जगदीशपुर (वीके एरिया) में दर्ज की गई, जहां 24 घंटे में 4.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा।