सबसे पुरानी और सबसे बड़ी द सोनीपत हिंदू एजुकेशन एंड चैरिटेबल सोसाइटी को लंबे समय बाद आखिरकारी अपनी कार्यकारिणी मिल ही गई। हिंदू विद्यापीठ में रविवार को देर सायं संपन्न हुए चुनाव में बाबू जयकिशन ग्रुप यानी राजीव अग्रवाल पैनल ने जीत दर्ज की है। पूर्व प्रधान श्रीभगवान गुप्ता को 86 मतों से मात देने वाले राजीव अग्रवाल ने सिर जीत का सेहरा बंधा है। विशेष बात यह है कि प्रधान पद के साथ ही अन्य पदों और सभी 17 सदस्य पद पर राजीव अग्रवाल पैनल को ही जीत मिली है।
हिंदू संस्था के प्रधान सहित विभिन्न पदों के लिए हिंदू विद्यापीठ स्कूल में रविवार सुबह आठ बजे मतदान प्रक्रिया शुरू की गई थी। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई थी। चुनाव कराने के लिए रिटर्निंग अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी सुबह ही मतदान केंद्र में पहुंच गई थी। शाम पांच बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। मतदाता सूची में 887 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए थे। हालांकि इनमें से 223 सदस्य मृत चिह्नित किए गए थे। मतदान में करीब 498 मतदाताओं ने ही अपने मत का प्रयोग किया।
8 बजे के बाद किए परिणाम घोषित
देर शाम करीब साढ़े आठ बजे के बाद परिणाम घोषित किए गए। जिसमें प्रधान पद पर राजीव अग्रवाल ने जीत दर्ज की। उपप्रधान पद पर राजेश मित्तल ने 95 मतों से, सचिव पद के लिए अनुज मित्तल ने 71 मतों और कोषाध्यक्ष पद जयकंवार जैन ने सबसे अधिक 151 मतों से जीत दर्ज की। हिंदू विद्यापीठ में मतदान के लिए नौ बूथ बनाए गए थे। दोपहर करीब 12 बजे तक करीब 240 सदस्यों ने अपने मत का प्रयोग किया था। दोपहर बाद फिर मतदान ने जोर पकड़ा था। शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। मतदान करने वालों में ज्यादातर बुजुर्ग शामिल रहे। कुछ मतदाता ऐसे रहे, जिन्हें मतदान के लिए व्हील चेयर पर लाया गया था।
यह बने कार्यकारिणी सदस्य
कार्यकारिणी सदस्यों में तरसेम गोयल, वेदप्रकाश गुप्ता, शिकुमार मित्तल, अजय कुमार गोयल, बालकिशन, सुरेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार गोयल, विकास अग्रवाल, विपिन बंसल, अर्जुन देव मित्तल, राजीव गर्ग, कैलाश चंद्र, सतीश मित्तल, अशोक गोयल, रवि नंदन, अतिमुक्त जैन, सतनारायण शर्मा शामिल हैं।