Former Minister of State Krishna Bedi

Haryana CM के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी ने दिया इस्तीफा, Governor ने किया स्वीकार

पंचकुला बड़ी ख़बर राजनीति हरियाणा

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी ने दिया इस्तीफा, राज्यपाल ने किया स्वीकार हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी ने इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है। चर्चा यह है कि बेदी फिर से राजनीतिक रूप से सक्रिय होकर 2024 में होने वाले चुनाव में अपनी किस्मत आजमाना चाह रहे हैं, इसलिए उनके संगठन में जाने की भी चर्चाएं जोरों पर हैं।

पूर्व राज्यमंत्री कृष्ण बेदी का अपने पद से इस्तीफा देते हुए कहना था कि उन्हें नवंबर 2019 में सीएम के राजनीतिक सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था। उनके इस्तीफे के पीछे मुख्य कारण 2024 का लोकसभा चुनाव है और उन्हें लग रहा है कि उन्हें प्रदेश के लोगों के बीच अधिक समय बिताने की जरूरत है। बेदी का कहना था कि मुख्यमंत्री कार्यालय में रहने के कारण उन्हें बहुत अधिक समय लग रहा था, क्योंकि उन्हें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह चंडीगढ़ में पांच दिन बिता रहे थे, जबकि उनके पास अपने निर्वाचन क्षेत्र या अन्य जिलों में रहने के लिए केवल दो दिन बचे थे।

बेदी का कहना था कि कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने राज्य भर के कई जिलों में हमारी पार्टी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाया था। उनके गलत सूचना अभियान का मुकाबला करने के लिए उन्हें लगा कि किसी को मैदान में उतरने और लोगों को वास्तविक तस्वीर देने की जरूरत है। बेदी का कहना था कि सभी के लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि पार्टी लगातार तीसरी बार जीत हासिल करे। यही मुख्य कारण है कि उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय के बजाय क्षेत्र में अधिक समय बिताने की जरूरत है।

Whatsapp Channel Join

सीएम की गुड लिस्ट में जगह बनाए हुए हैं कृष्ण बेदी

बता दें कि पूर्व राज्यमंत्री कृष्ण लाल बेदी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की गुड लिस्ट में शामिल हैं। यही कारण है कि वर्ष 2014 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार में ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कृष्ण बेदी को अपनी सरकार में राज्य मंत्री नियुक्त किया था। इसके बाद वर्ष 2019 में उन्हें सीएमओ में जगह दी गई। जिसके बाद से लगातार कृष्ण बेदी शाहाबाद क्षेत्र में राजनीतिक रूप से सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। उनके इस्तीफे के बाद यह चर्चा जोरों पर है कि वह संगठन में सक्रिय होकर फिर से 2024 में टिकट को लेकर दौड़ भाग शुरू करेंगे।

चुनाव हारने के बाद बने थे सीएम के राजनीतिक सचिव

हरियाणा में वर्ष 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में कृष्ण बेदी शाहाबाद विधानसभा से विधायक बने थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा दिया था। इसके बाद वह वर्ष 2019 में भी चुनाव लड़े, हालांकि इस चुनाव में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। कृष्ण बेदी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के काफी करीबी माने जाते हैं, इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री ने अपना राजनीतिक सचिव नियुक्त कर दिया।

जजपा विधायक ने बेदी पर लगाए थे आरोप

बता दें कि वर्ष 2019 में वर्तमान सरकार में सहयोगी जजपा के शाहाबाद से विधायक रामकरण काला का बेदी से छत्तीस का आंकड़ा है। आए दिन दोनों एक दूसरे पर किसी न किसी बात को लेकर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहते हैं। हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों में जजपा विधायक रामकरण काला ने कृष्ण बेदी पर आरोप लगाए थे कि वह उनके काम में बाधा डालते हैं।