Faridabad नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन ने आज फरीदाबाद नगर निगम मुख्यालय पर भूख हड़ताल शुरू की। इस हड़ताल में यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर समेत 31 सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। भूख हड़ताल का नेतृत्व जिला प्रधान दलीप बोहत और जिला सचिव अनिल चिण्डालिया ने किया।
भूख हड़ताल में शामिल कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार द्वारा मानी गई मांगों का परिपत्र जारी न होने पर रोष व्यक्त किया। प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण सफाई कर्मचारियों को इस कड़कड़ाती ठंड में भूख हड़ताल करनी पड़ रही है। उन्होंने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा 468 सफाई कर्मचारियों को नियमित करने और 68 सीवर मैन कर्मचारियों की भर्ती का पत्र जारी होने के बावजूद इसे लागू नहीं किया जा रहा है।
बालगुहेर ने मांग की कि सभी 468 सफाई कर्मचारियों को तुरंत नियुक्ति पत्र जारी किया जाए और 68 सीवरमैनों की निगम रोल से भर्ती की जाए ताकि शहर की सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। इस मौके पर सेनिटेशन स्टाफ के प्रधान शिव कुमार, जिला कार्यकारिणी प्रधान सुदेश कुमार, सीवरमैन यूनियन के प्रधान अनूप चिण्डालिया और अन्य कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द उनकी मांगें पूरी की जाएं, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।