weather 46 1

CM से मिलने की कोशिश पर रोक, भाजपा नेताओं को BJP दफ्तर मे मारे धक्के

हरियाणा रोहतक

➤रोहतक भाजपा कार्यालय में धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल
➤महिला नेता ने कान फटने की शिकायत की
➤सीएम नायब सैनी की मौजूदगी में हुआ विवाद

हरियाणा के रोहतक में भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में हुई एक बैठक के दौरान धक्का-मुक्की का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल मच गई है। 14 अगस्त को यह घटना तब हुई, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक पहुंचे थे और पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मुलाकात कर रहे थे।

वीडियो में भाजपा के मंडल अध्यक्षों और सुरक्षाकर्मियों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की होती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि मंडल अध्यक्ष मुख्यमंत्री से मिलने के लिए कमरे में जाना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान स्थिति बिगड़ गई और धक्कामुक्की की नौबत आ गई।

Whatsapp Channel Join

image 102

गौकर्ण मंडल अध्यक्ष गीता ओहल्याण ने आरोप लगाया कि धक्कामुक्की में उनका कान फट गया। वहीं आसन मंडल के महामंत्री ऋषिपाल फौजी ने कहा कि उन्हें खुद सीएम ने फोन कर बुलाया था, फिर भी पुलिस ने अंदर जाने से रोक दिया और धक्के मारे। काफी देर बाद ही वे सीएम से मिल पाए।

हालांकि, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल ने मामले को हाथापाई मानने से इनकार किया और कहा कि पुलिस ने केवल इसलिए रोका क्योंकि वे पदाधिकारियों को पहचान नहीं पाए थे। बाद में सभी को सीएम से मिलवा दिया गया। इसी तरह भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने भी साफ किया कि कार्यालय में किसी प्रकार का झगड़ा नहीं हुआ।

सूत्रों के मुताबिक, मंडल अध्यक्षों की सीएम से मुलाकात का मकसद जिलाध्यक्ष से जुड़ी शिकायत रखना था। हालांकि, पदाधिकारियों ने इस बात से इनकार किया और कहा कि वे केवल अन्य मामलों पर चर्चा करने गए थे। बताया जा रहा है कि अव्यवस्था और भीड़ को लेकर सीएम नाराज हो गए थे और बैठक बीच में छोड़कर दूसरे कमरे में चले गए थे।

इस विवादित घटना के बाद भाजपा कार्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला नेता के आरोप और वायरल वीडियो ने पार्टी के भीतर असंतोष और अनुशासनहीनता की तस्वीर को और स्पष्ट कर दिया है।