Sonipat के मोहाना के राजकीय स्कूल में कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। घटना के समय बारिश हो रही थी और 6वीं व 7वीं कक्षा के विद्यार्थियों की क्लास चल रही थी। Cobra सांप करीब 4 फुट लंबा था। यह क्लासरूम के पीछे लगे पेड़ में छिपा था। बाद में स्टाफ के एक सदस्य ने हिम्मत दिखाई और डंडे के प्रहार से सांप को मार कर दूर फेंका गया। जिसका एक वीडियो अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार मोहाना में बने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का भवन काफी पुराना हो चुका है। गांव में स्कूल का नया भवन बनना है। दो साल पहले इसकी घोषणा हुई थी, लेकिन इस पर काम शुरू नहीं हुआ है। बच्चों को जान जोखिम में डालकर पुराने जर्जर भवन में ही पढ़ना पड़ रहा है। यहां हर समय हादसे का अंदेशा बना रहता है।
बारिश में बिल्डिंग ढ़हने का खतरा
अब मानसून में स्कूल में कई तरह के हादसे का खतरा मंडरा रहा है। बारिश में बिल्डिंग के ढ़हने का खतरा तो है ही, साथ में अब जहरीली जीव जंतु भी निकलने लगे हैं। दो दिन पहले हुई बारिश के दौरान स्कूल परिसर में काला कोबरा सांप देखे जाने के बाद हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते स्टाफ की नजर सांप पर पड़ गई। सांप भी इसके बाद पेड़ के तने में जा छिपा।स्टाफ का कहना है कि अगर सांप स्कूल के भवन में घुस जाता तो यह किसी काे काट भी सकता था। बाद में स्टाफ ने बारिश के बीच ही सांप को मार कर वहां से हटाया। इसी एक वीडियो भी स्टाफ द्वारा बनाई गई है।
स्कूल की प्रिंसिपल सुनीता ने कहा कि कई बार ऐसा हो चुका है।अधिकारियों को बता चुके हैं। स्कूल की बिल्डिंग काफी पुरानी है, जिसके चलते हादसा होने का डर लगा रहता है। स्कूल लगभग 50 साल पुरानी बिल्डिंग में चल रहा है। नई बिल्डिंग कागजों में तो पास हो चुकी है, लेकिन इस पर काम शुरू नहीं हुआ है। दो साल से काम लटका हुआ है।