Sonipat के खरखौदा में पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने न्यायिक परिसर में वकीलों के नए चैंबरों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने Haryana की BJP सरकार पर जमकर हमला बोला और उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए। हुड्डा ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और नशे की समस्या को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा और कहा कि हरियाणा अब बड़े-बड़े राज्यों को पीछे छोड़ चुका है।
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए
हुड्डा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “हरियाणा में जब से भाजपा सत्ता में आई है, कानून व्यवस्था का बंटाधार हो गया है। आज प्रदेश में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता।” उन्होंने आगे कहा कि “प्रत्येक सरकार की पहली जिम्मेदारी अपने नागरिकों को सुरक्षा देना होती है, लेकिन भाजपा सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह विफल रही है।”
हुड्डा ने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में रोजाना 3-4 हत्याएं, 4-5 रेप और दर्जनों चोरी, लूट व डकैती की वारदातें हो रही हैं।
किसानों को न खाद, न एमएसपी
पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “पूत के पांव पालने में ही दिखने लगते हैं, वैसे ही मौजूदा सरकार की विफलताएं भी शुरुआत में ही उजागर हो गई हैं।” हुड्डा ने आरोप लगाया कि नई भाजपा सरकार भी पिछली सरकार की तरह किसानों को न तो खाद दे पाई और न ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की व्यवस्था कर पाई।
निकाय चुनाव और दिल्ली में कांग्रेस की जीत का दावा
हुड्डा ने आगामी हरियाणा के निकाय चुनावों को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले भी अपने निशान पर स्थानीय निकाय चुनाव लड़ी है, और अब भी पार्टी अपने ही निशान पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस की जीत का दावा किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का यह बयान हरियाणा की वर्तमान भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार, सरकार की नाकामियां साफ नजर आ रही हैं, और प्रदेश में अपराध और किसान समस्याओं के मामले में सरकार की विफलता उजागर हो चुकी है।





