सोनीपत में रात को खेत से घर आ रहे एक युवक की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या करने का प्रयास किया। उस पर दो गालियां चलाई गई, जिनमें से एक गोली उसके पेट को छूते हुए निकली। गोली के छर्रे लगाने से वह जख्मी हो गया। इसके बाद बाइक सवार उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। गन्नौर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गन्नौर क्षेत्र के गांव खुबड़ू के रहने वाले सुदीप ने बताया कि वह अपने दोस्तों हैप्पी निवासी दुभेटा गांव व अनुज उर्फ हरीश निवासी जाटल पानीपत के साथ अपने खेतों में गया था। रात को 11:00 बजे उसके दोनों दोस्त अपनी स्विफ्ट गाड़ी में बैठकर चले गए। इसके बाद वह पैदल ही घर की तरफ चल दिया।
बाइक वालों ने रास्ता रोक लिया
उसने बताया कि वह अभी गांव के खेतों में बने हजारी के कोठडे के पास पहुंचा ही था कि एक बाइक सवार दो युवक गन्नौर-शाहपुर मुख्य सड़क की तरफ से आए और उसके पास से बाइक निकाल ले गए। कुछ दूर आगे जाने के बाद युवकों ने अपनी बाइक वापस मोड़ी और उसकी तरफ आए और बाइक वालों ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों युवकों ने चेहरा ढ़का हुआ था।
पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल निकाल किए फायर
सुदीप ने बताया कि इस बीच पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल निकाली और और उसे जान से मारने की नीयत से दो फायर किए। एक गोली निशाना चुकने से हवा में चली गई और दूसरी गोली उसके पेट को छूकर निकल गई, वह नीचे गिर गया। गोली के छर्रे लगने से वह जख्मी हो गया। इसके बाद युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
डॉक्टरों ने खानपुर मेडिकल कॉलेज किया रेफर
सुदीप ने बताया कि उसने जख्मी हालत में किसी तरह अपने दोस्त हैप्पी के पास मोबाइल से कॉल की और उसे वारदात की सूचना दी। हैप्पी व उसके परिजनों ने उसे गन्नौर सीएचसी में दाखिल कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामला किया दर्ज, अभी आरोपी पहुंच से बाहर
खुबडू झाल पुलिस चौकी के एसआई संदीप के अनुसार सूचना मिली थी कि सुदीप निवासी गांव खुबडू गोली चलने पर घायल होकर अस्पताल में दाखिल है। वहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया था। पुलिस ने डॉक्टर की एमएलआर रिपोर्ट व घायल सुदीप की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात 2 बदमाशों के खिलाफ धारा 307/34 व 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। गोली चलाने वालों और इसके पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चला है।

