हरियाणा के जिला सोनीपत के गांव जठेड़ी में होली पर्व पर खूनी खेल खेला गया। एक युवक की घर के बाहर गली में चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक राई औद्योगिक क्षेत्र में चाय की दुकान चलाता था और गांव में परिवार से अलग रहता था। परिजनों को जब मामले के बारे में पता लगा तो वह मौके पर पहुंचे और राई थाना पुलिस को अवगत कराया। वहीं हमले का शिकार हुए युवक का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है, जो हत्या की कोशिश सहित 8 मामले में नामजद था।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। उधर मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि गांव जठेड़ी निवासी 38 वर्षीय जितेंद्र उर्फ मोनू अविवाहित था और गांव में ही परिवार से अलग रह रहा था। जितेंद्र की मां कमलेश के अनुसार सोमवार को परिवार होली की खुशियां मना रहा था। देर शाम गांव की महिला ने उन्हें बताया कि उनके बेटे जितेंद्र पर किसी ने हमला कर दिया है। जब वह मौके पर पहुंचे तो बेटा जितेंद्र अपने घर के बाहर गली में खून से लथपथ पड़ा था। जिसके गले और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए गए थे। उन्होंने मामले की सूचना राई थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही राई थाना प्रभारी उमेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने एफएसएल की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए हैं। वहीं हमलावर गांव का ही युवक बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि हमले का शिकार हुए जितेंद्र का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। जिस पर 1 मई 2023 को गांव के ही सुरेंद्र ने हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया था।

दिल्ली वन विभाग में माली के पद पर कार्यरत सुरेंद्र का आरोप था कि जितेंद्र उर्फ मोनू ने रंजिश के चलते उनके बेटे अंकित को 30 अप्रैल 2023 की रात को कॉल कर धमकी दी थी। बाद में सुबह वह दूध लेने गए तो कार सवार जितेंद्र ने उन पर दो बार फायर किए थे। उस दौरान जितेंद्र को पुलिस ने पकड़ लिया था। फिर उसने रुपयों के लेनदेन में हमला करने की बात कबूल की थी। इसके अलावा उस पर अन्य मुकदमे भी दर्ज थे।

वहीं मां कमलेश का कहना है कि उनका बेटा जितेंद्र उर्फ मोनू राई औद्योगिक क्षेत्र में चाय की दुकान चलाता था। वह चाय के साथ गुटखा व सिगरेट आदि भी बेचता था। अब बेटे की हत्या कर दी गई है। गांव जठेड़ी में होली के दिन युवक की हत्या किए जाने से मातम पसरा गया। जहां कुछ समय पहले सभी एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगा रहे थे, वहीं शाम को हत्या के बाद सन्नाटा पसर गया।

