Sonipat हरियाणा के सोनीपत वासियों के लिए गणतंत्र दिवस पर एक खास तोहफा मिल रहा है। अब दिल्ली जाना पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक और किफायती होगा, क्योंकि रोडवेज विभाग ने सोनीपत से सिंघु बॉर्डर तक ई-बस सेवा शुरू करने का ऐलान किया है।
क्या खास है ई-बस सेवा में
यात्रियों को मात्र 10 रुपये में यात्रा की सुविधा मिलेगी। भीड़भाड़ की समस्या को दूर करने के लिए हर आधे घंटे में बस उपलब्ध होगी। 40 सीटों वाली ये ई-बसें 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। सोनीपत से सिंघु बॉर्डर के बीच 19 स्टॉपेज होंगे, जिनमें मुरथल, बहालगढ़ और कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया प्रमुख हैं। मुरथल में ई-बसों को चार्ज करने के लिए अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है।
दिल्ली जाने वालों को मिलेगा बड़ा फायदा
दिल्ली आने-जाने वाले रोजाना यात्रियों, औद्योगिक क्षेत्र के कर्मचारियों और छात्रों के लिए यह सेवा वरदान साबित होगी। कम किराए के साथ यह समय और पैसे दोनों की बचत करेगी। खासतौर पर दिल्ली बॉर्डर पर काम करने वालों के लिए यह एक बेहतर विकल्प होगा।
सोनीपत के साथ हरियाणा के अन्य शहरों में विस्तार
पानीपत और यमुनानगर के बाद अब सोनीपत में यह सेवा शुरू की गई है। जल्द ही रोहतक, हिसार, अंबाला और रेवाड़ी में भी ई-बसें दौड़ेंगी। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी बल्कि हरियाणा को परिवहन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।