- हरियाणा में तेज आंधी और बारिश से 25 गांवों में 859 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख
- अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में बारिश-आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी
- हिसार का बालसमंद 43.7 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा
Haryana weather alert: हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए कई जिलों को प्रभावित किया है। शुक्रवार देर शाम प्रदेश के करीब 14 जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में मौसम विभाग ने तेज बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में हवाओं के साथ बादल छाए रह सकते हैं। बरवाला (हिसार) में बारिश के साथ ओले गिरने की भी खबर सामने आई है। आंधी के चलते कई स्थानों पर खेतों में आग लग गई, जिससे सिरसा, झज्जर, कैथल, कुरुक्षेत्र और हिसार जिले के 25 से अधिक गांवों में गेहूं की फसल और खलिहान जलकर राख हो गए। खेतों में आग लगने की घटनाएं इतनी गंभीर थीं कि कुरुक्षेत्र के पिहोवा और चंद्रभानपुर गांव में लपटें हवा के साथ घरों तक पहुंच गईं, जिससे लोग घबराकर घरों से निकलकर सड़कों की ओर भागे।
मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी असमानता देखने को मिली। प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 0.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है और अब यह सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक पर पहुंच गया है। हिसार का बालसमंद क्षेत्र प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, फरीदाबाद में तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट हुई, जिससे वहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा।