City Tehlka

42.9 डिग्री पर पहुंचा तापमान, अब पश्चिमी विक्षोभ से मिल सकती है राहत

हरियाणा

● गेहूं की कटाई के बीच बदला मौसम किसानों के लिए बना चिंता का कारण
● 14 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील, पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और ठंडी हवाओं की संभावना


Haryana Weather: हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। बुधवार रात नारनौल क्षेत्र में तेज अंधड़ आया, जिससे कई गांवों में ओलावृष्टि और बूंदाबांदी की स्थिति बनी। महेंद्रगढ़, झज्जर और आसपास के जिलों में भी आंधी का असर देखा गया। मौसम विभाग ने रात के समय दो बार चेतावनी जारी करते हुए आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट दिया था। गुरुवार को भी बादल छाए रहने के साथ-साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

बदले मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। गेहूं की कटाई और कढ़ाई का कार्य जोर पकड़ रहा है और इस बीच अंधड़ व बारिश से फसल को नुकसान पहुंचने का डर सता रहा है। खेतों में पड़ी फसल पर बूंदाबांदी और तेज हवाओं का सीधा असर हो सकता है। इस समय गेहूं को ‘पीला सोना’ कहा जाता है, जिसे कटाई के बाद सुरक्षित भंडारण की आवश्यकता होती है। ऐसे में मौसम का यह बदला स्वरूप किसानों के लिए संकट लेकर आया है।

Whatsapp Channel Join

इसी बीच तापमान में भी लगातार वृद्धि देखी जा रही है। बुधवार को हरियाणा का सबसे गर्म जिला हिसार रहा, जहां तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पूरे प्रदेश में औसतन तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक रहा। मौसम वैज्ञानिक मदनलाल खिचड़ के अनुसार, बीते कुछ दिनों से पूर्वी हवाएं चल रही थीं लेकिन तापमान लगातार बढ़ रहा था। यह बढ़ा हुआ तापमान सामान्य से 4-5 दिन पहले ही दर्ज किया गया है, जिसका कारण सूर्य की किरणों का सीधा धरती पर पड़ना बताया गया।

हालांकि राहत की बात यह है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 9 अप्रैल की रात से सक्रिय हो गया है। इससे हवाओं की दिशा में परिवर्तन होगा और उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। यह बदलाव 14 अप्रैल तक बना रह सकता है। इसके बाद तापमान फिर से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।