जननायक जनता पार्टी के सुप्रीमो एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि वर्ष 2024 में होने वाले चुनाव में गठबंधन जारी रहेगा। हरियाणा में मौजूदा समय में भाजपा-जजपा गठबंधन आगे भी लठ की तरह मजबूत बना रहेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी 10 साल में भी अपना संगठन खड़ा नहीं कर पाई है। कांग्रेस पार्टी में 3 अध्यक्ष 5 प्रभारी बदल गए। कांग्रेस में रोजाना जूतियों में खीर बंटती है। वहीं उन्होंने भाजपा द्वारा सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने की बात पर कहा कि प्रदेश में गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर ही 10 लोकसभा जीती जा सकती हैं।
जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला वीरवार को सोनीपत के गांव बरोदा में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के बाद डॉ. चौटाला भंडारे में भी शामिल हुए। वर्ष 2024 के चुनाव को लेकर डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जजपा लगातार फिल्ड में है और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रिजल्ट देना जनता का काम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 की तर्ज पर ही 2024 में भी जनता जजपा को पूरा सहयोग देगी। गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के चुनाव में भी गठबंधन बना रहेगा। मौजूदा समय में भी गठबंधन लठ की तरह मजबूत है और आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव तारीख घोषित होगी तो बैठकर सीट बांट ली जाएंगी।
डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में रोजाना जूतियों में खीर बंटती है। ऐसे हालात में कांग्रेस सत्ता में आने का सपने देखती हैं। वहीं उन्होंने अयोध्या में राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर कहा कि भगवान श्रीराम सबके हैं, उनके चरणों में सब को शीश नहवाना पड़ेगा। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग नहीं गए हैं और जो राजनीतिक के शिकार हुए हैं, उन्हें भी देर सवेर जाना पड़ेगा। डॉ. चौटाला ने चुनाव पर कहा कि भाजपा मिलकर चुनाव लड़ने के साथ ही 10 लोकसभा जीतेंगी। वहीं उन्होंने स्वयं भिवानी सीट पर चुनाव लड़ने की बात पर कहा कि अगर कानूनी दिक्कत खत्म होगी तो अजय सिंह चौटाला खुद चुनाव लड़ेंगे, नहीं तो दिग्विजय को चुनाव लड़ाया जाएगा।

अजय सिंह चौटाला ने कहा कि मिशन 2024 से शुरू हो चुका है। इसी को लेकर सभी राजनीतिक पार्टी के लोग लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी अपनी तैयारी शुरू की हुई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जब तक लोगों के बीच नहीं जाएगा, उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाएगा। वहीं किसान आंदोलन में सबसे ज्यादा मार जजपा पार्टी पर पड़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसान कानून बनाए थे और उन्हें सांसदों द्वारा लागू करवाया गया था। जिसमें जजपा का न कोई सांसद था और न ही उसमें जजपा का कोई रोल था। वहीं इस दौरान दुष्यंत चौटाला के इस्तीफे की लगातार मांग भी की गई थी।
उन्होंने कहा कि बरोदा हलके में चाहे कोरोना के कारण कमी रही हो या फिर पार्टी की वजह से कमी रही हो तो उसकी भरपाई बचे हुए समय में पूरी कर दी जाएगी। वहीं अजय सिंह चौटाला ने अपने संगठन मजबूती के लिहाज से कहा कि बूथ पर बूथ योद्धा और बूथ सखी के साथ अनुभवी लोगों की एक टीम खड़ी करने को लेकर भी अपील की है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि संगठित होकर पार्टी के पक्ष में वोट डलवाने के लिए कार्य करें। साथ ही उन्होंने बूथ स्तर पर योद्धा और बूथ सखी के साथ अनुभवी लोगों की एक टीम खड़ी करने के निर्देश दिए।

