पानीपत जिले के समालखा कस्बे में 2 दिन पहले जीटी रोड पर एक ढाबे के पास सड़क हादसे में हुई अज्ञात व्यक्ति की मौत के मामले में मृतक की पहचान हो गई है। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मृतक के परिजनों का पता लगाया। राजस्थान के अजमेर से परिवार पानीपत पहुंचा। यहां परिजनों के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
समालखा थाना पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम से 22 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि जीटी रोड पर सरताज ढाबा के बाहर एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। जांच-पड़ताल के दौरान मृतक के पास से मोबाइल, आईडी कार्ड कुछ भी नहीं मिला।
इसके बाद उसकी पहनी हुई कमीज के कॉलर पर लगे टेलर के टैग को सर्च किया गया। जिससे टेलर से संपर्क हुआ। टेलर से परिजनों का नंबर लेकर उन्हें सूचित किया। परिजनों के आने के बाद मामले की आगामी कार्रवाई की गई है।
3 बच्चों का पिता था मृतक
मृतक की पहचान कासिम शेक (28) निवासी अजमेर राजस्थान के रूप में हुई है। वह पेशे से टैक्सी चालक था। जोकि पानीपत में किसी अज्ञात वाहन से पहुंचा था। यहां वह खाना खाने के लिए ढाबा पर जा रहा था। सड़क क्रॉस करते वक्त उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मृतक 3 बच्चों का पिता था। जिसमें 2 लड़के व बड़ी लड़की है।

