(समालखा/अशोक शर्मा) मंगलवार को स्वाध्याय आश्रम पट्टीकल्याणा में गांधी स्मारक निधि, पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय महेश दत्त शर्मा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर हवन के बाद उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
गांधी स्मारक निधि के सचिव आनंद कुमार शरण ने उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वर्गीय महेश दत्त शर्मा का जन्म 5 जुलाई 1939 को स्वतंत्रता सेनानी सोम भाई के घर हुआ था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान, मात्र चार वर्ष की आयु में, उन्होंने अपने माता-पिता के साथ मेरठ जेल में समय बिताया।
उन्होंने पानीपत को जिला का दर्जा दिलाने के लिए पानीपत नागरिक मंच की स्थापना की, जिसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और जिले का दर्जा दिलवाना था। उनके अथक प्रयासों से पानीपत को जिला बनाने में सफलता मिली।
आश्रम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
गांधी स्मारक निधि पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं समेत न्यासी मंडल की सदस्य हेमलता रावत, डॉ. आकाश बिसौने, गिरिराज, राजेश, योगेंद्र यादव, गोविंद, धर्मपाल, रोशन, विमलेश, लक्ष्मी, राजेश सईदा, गुड्डी, सोना और कई गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। स्वर्गीय महेश दत्त शर्मा की स्मृति में यह आयोजन न केवल उनके योगदान को याद करता है, बल्कि समाज के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणा स्वरूप प्रस्तुत करता है।







