● पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, हरियाणा में हवाओं से तापमान में गिरावट
● 2 अप्रैल तक मौसम रहेगा खुश्क, हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना
● नारनौल का तापमान सबसे ज्यादा गिरा, सिरसा में सबसे अधिक बढ़ोतरी
Haryana Weather: हरियाणा में शनिवार को ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी, जिसका असर रविवार को भी देखने को मिलेगा। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी। मौसम में यह बदलाव पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर माना जा रहा है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम खुश्क रहेगा। सब्जी और फलों के पौधों में सिंचाई की आवश्यकता हो सकती है, लेकिन मौसम को ध्यान में रखते हुए किसानों को गेहूं की फसल में दो-तीन दिन बाद पानी देने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा का तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शनिवार को राज्य में सबसे गर्म जिला रोहतक रहा, जहां का तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहा।
बीते 24 घंटों में जिलों के तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया। नारनौल में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई, जहां तापमान 3.5 डिग्री कम होकर 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, सिरसा में तापमान में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई, जो 3.1 डिग्री बढ़कर 30.2 डिग्री सेल्सियस हो गया।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, हरियाणा में 2 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।