फतेहाबाद के जाखल में सुबह से हो रही बारिश, सड़कों पर पानी भरा
अंबाला, फरीदाबाद, रोहतक समेत कई जिलों में बादल छाए, हल्की बारिश और धूल भरी हवाओं का अलर्ट
1 और 2 जून को हरियाणा के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना, 31 मई को भी 9 जिलों में संभावित बारिश
HaryanaWeather: हरियाणा में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली है। फतेहाबाद के जाखल में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। भिवानी, रोहतक, महेंद्रगढ़, सोनीपत, झज्जर, अंबाला, फरीदाबाद, नूंह, नारनौल, चरखी दादरी, जींद, कैथल और करनाल में बादल छाए हुए हैं और अगले कुछ घंटों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग ने सुबह 9:10 बजे तक हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला के लिए तेज धूल भरी हवाओं और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले गुरुवार को मौसम का मिजाज बिगड़ चुका था। गुरुग्राम, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और नूंह में तेज बारिश और आंधी देखने को मिली थी। गुरुग्राम में कई जगह पेड़ गिर गए, जिससे कई सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। 29 मई की शाम को गुरुग्राम में तेज आंधी, जबकि चरखी दादरी और सोनीपत में बारिश दर्ज की गई।
31 मई को पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में 25-50% तक बारिश, जबकि कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत में 25% तक बारिश की संभावना। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
1 जून को प्रदेश के 20 जिलों में बारिश की संभावना है। इनमें से 10 जिलों – पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में 25-50% तक बारिश, और शेष 10 जिलों – जींद, हिसार, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 25% तक बारिश संभावित है।
2 जून को भी यही 20 जिले बारिश की जद में रहेंगे, जहां 6 जिलों में 25-50% और 14 जिलों में 25% तक बारिश का पूर्वानुमान है।