हरियाणा में दीपावली से पहले मौसम करवट लेने जा रहा है। कल यानी 9 नवंबर की रात को यह बदलाव देखने को मिल सकता है। इस बदलाव के तहत सूबे के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 10 नवंबर को कुछ जगह बूंदाबांदी होने के आसार बने हुए हैं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में अगले 2 दिन मौसम आमतौर खुश्क रहने की संभावना है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा। 11 नवंबर से मौसम खुश्क तथा उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट की भी संभावना बनी हुई है।
एयर क्वालिटी इंडेस में आएगा सुधार
हरियाणा में एयर क्वालिटी इंडेस काफी खराब है। अभी हिसार और फतेहाबाद की हवा साफ नहीं हुई है। इन दोनों जिलों में हवा की गंभीर स्थिति बनी हुई है। प्रदेश के 13 जिले ऐसे हैं, जहां की हवा ज्यादा खराब की श्रेणी में हैं। वहीं 9 नवंबर की रात से मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम में बदलाव के चलते स्मॉग अभी प्रदेश के जिलों में कम हुआ है, जहां 2 दिन पहले 8 जिलों में स्मॉग के चलते हवा की स्थिति गंभीर श्रेणी में थी।
मंगलवार को ऐसा रहा हाल
हिसार में एयर क्वालिटी इंडेस 403 तो फतेहाबाद का एयर क्वालिटी इंडेस 421 तक पहुंच गया है। हिसार में मंगलवार दिन में धूप खिली, लेकिन स्मॉग ज्यादा कम नहीं हुआ। शाम के चलते स्मॉग के चलते आंखों में जलन होती रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 9 नवंबर की रात या 10 नवंबर से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते 9 की देर रात के बाद गरज चमक व हवाएं चलने के साथ छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है।