उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है, और पहाड़ी राज्यों में आगामी दिनों में बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 8 से 11 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश होगी। 7 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर असम में बारिश की संभावना है, जहां भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी भी है।
8 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ असर दिखाने वाला है, जिससे पहाड़ी राज्यों में 8-11 फरवरी तक बारिश हो सकती है। इस दौरान, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं, पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, फिर 3-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इस बदलाव के कारण उत्तर भारत में फिर से कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है।
कड़ाके की सर्दी का असर:
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, और दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे में सीकर में 3.5 डिग्री, अमृतसर में 5.1 डिग्री और हिसार में 6.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में शीत लहर की स्थिति बन सकती है, और घने कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है।
घना कोहरा:
8 फरवरी तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, और हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा रहेगा। साथ ही, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में शीतलहर चलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, बिहार, और यूपी में हल्का से मध्यम स्तर का कोहरा पड़ सकता है। मेघालय और ओडिशा में भी घना कोहरा बना रहा।
दिल्ली का मौसम:
दिल्ली में पछुआ हवाएं चल रही हैं। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में दिनभर तेज हवाएं चलने का अनुमान है, और अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।





