Lok Sabha Elections 2024 Date Live : लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान को लेकर दिल्ली के विज्ञान भवन में चुनाव आयोग की पत्रकारवार्ता की गई है। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधु मौजूद रहे। लोकसभा के साथ 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों पर मुहर लगाई गई है। इन राज्यों में आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम शामिल हैं।
गौरतलब है कि देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। हरियाणा लोकसभा चुनाव को लेकर भी तारीख का ऐलान कर दिया गया है। हरियाणा की सभी 10 सीटों पर छठे चरण में 25 मई को वोटिंग होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। बता दें कि हरियाणा में लोकसभा की कुल 10 सीटें हैं। चुनाव आयोग की घोषणा के मुताबिक हरियाणा में सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के साथ मतदाताओं की सुविधा का भी ख्याल रखा जाएगा। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले निर्वाचन आयोग की टीम ने देशभर के राज्यों में तैयारियों का जायजा लिया था।

बता दें कि हरियाणा में भाजपा ने राजनीति के कई अनुभवी खिलाड़ियों पर दांव खेला है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को करनाल से मैदान में उतारा गया है। गुरुग्राम लोकसभा सीट से राव इंद्रजीत को टिकट दिया गया है। अंबाला से रतनलाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया पर पार्टी ने भरोसा जताया है।

वहीं फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर चुनाव मैदान में हैं। सिरसा से सुनीता दुग्गल का टिकट काटकर अशोक तंवर को मौका दिया गया है। अशोक तंवर आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए हैं। इसके साथ ही भिवानी-महेंद्रगढ़ से चौधरी धर्मबीर सिंह को टिकट मिला है।

भाजपा-जजपा गठबंधन टूटने के बाद हरियाणा में नई सरकार
हरियाणा में भाजपा-जजपा का गठबंधन टूटने के बाद प्रदेश में नई सरकार का गठन किया गया है। भाजपा ने निर्दलीय विधायकों के सहयोग से सरकार बनाई है। नायब सिंह सैनी को 12 मार्च को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। इसके बाद सैनी ने विधानसभा में विश्वासमत भी हासिल कर लिया है। उधर मनोहर लाल 12 मार्च को मुख्यमंत्री और फिर विधायक पद से इस्तीफा दे चुके हैं। बता दें कि जजपा लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 3 सीटें मांग रही थी, लेकिन भाजपा उनकी शर्तें पूरी करने को तैयार नहीं हुई। इससे पहले मनोहर लाल की सरकार में जजपा नेता दुष्यंत चौटाला उप मुख्यमंत्री बनाए गए थे।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कैसा रहा पार्टियों का वोट शेयर
बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) – 58.02 फीसदी
कांग्रेस (इंडियन नेशनल कांग्रेस) – 28.42 फीसदी
जेजेपी (जननायक जनता पार्टी) – 4.9 फीसदी
बीएसपी (बहुजन समाजवादी पार्टी) – 3.65 फीसदी इनेलो (इंडियन नेशनल लोकदल) – 1.9 फीसदी

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हम देश को वास्तव में उत्सवपूर्ण, लोकतांत्रिक माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होने वाला है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की विधानसभाओं का कार्यकाल भी जून 2024 में समाप्त होने वाला है।

बता दें कि लोकसभा का चुनाव सात चरणों में होगा। 19 अप्रैल को पहले चरण का आगाज होगा। सातों चरण के मतदान के बाद 4 जून को चुनावी नतीजे आएंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा। इस दौरान 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में वोटिंग होगी। पहले चरण में कुल मिलाकर 102 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा। दूसरे चरण में देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटिंग होगी। इस दौरान देश की 89 लोकसभा सीटों पर चुनाव होगा। चुनावी नतीजे 4 जून को आएंगे। तीसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 94 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी।

तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई को होगी। चौथे चरण के तहत 13 मई को वोटिंग की जाएगी। इस दौरान देश के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। पांचवें चरण की वोटिंग 20 मई को होगी। इस दौरान 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। छठे चरण के दौरान 25 मई को वोटिंग होगी। इस दिन देश के 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। सातवें और आखिरी चरण का मतदान 1 जून को होगा।

वहीं आखिरी चरण के दौरान 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटिंग होगी। इस दौरान लोकसभा की 57 सीटों पर वोटिंग होगी। बता दें कि 26 विधानसभा पर उपचुनाव होना है। इनमें बिहार, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र झारखंड, हिमाचल, राजस्थान, तमिलनाडु शामिल है। सभी 26 विधानसभा पर उपचुनाव होगा।
