weather 15 8

समालखा के शमशान घाट में महिला शौचालय निर्माण कार्य शुरू, भारत विकास परिषद की पहल

हरियाणा

समालखा,अशोक शर्मा

भारत विकास परिषद समालखा शाखा द्वारा एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल के तहत शिवपुरी शमशान घाट में महिला शौचालय के निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष आनंद प्रकाश आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि समालखा के शिवपुरी शमशान घाट पर अंतिम संस्कार के समय महिलाओं की उपस्थिति आम होती है, लेकिन वहां महिला शौचालय न होने के कारण उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था।

WhatsApp Image 2025 07 30 at 10.51.29

इस आवश्यकता को देखते हुए भारत विकास परिषद की प्रेरणा से पूर्व पार्षद कुलभूषण अरोड़ा और उनकी धर्मपत्नी अंजलि अरोड़ा ने आगे आकर इस सामाजिक कार्य में सहयोग दिया। उन्हीं के विशेष सहयोग से महिला शौचालय निर्माण की नींव रखी गई।

Whatsapp Channel Join

नींव रखने से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें शिवपुरी शमशान घाट के महाराज ने गायत्री मंत्रों के साथ धार्मिक विधियों का पालन करते हुए नींव रखवाई। कुलभूषण अरोड़ा और अंजलि अरोड़ा ने अपने हाथों से पहला पत्थर रखा।

इसके पश्चात भारत विकास परिषद समालखा शाखा के अध्यक्ष आनंद प्रकाश आर्य, शमशान घाट के प्रधान नवीन बेनीवाल, सेवा संयोजक रवि सचदेवा, पूर्व प्रधान सर्वजीत बंसल, पर्यावरण संयोजक डॉ. विकास गर्ग और समाजसेवी दीपक चोपड़ा सहित अन्य सदस्यों ने भी नींव में ईंट रखकर अपनी सहभागिता दिखाई।

कार्यक्रम के अंत में शमशान घाट के अध्यक्ष नवीन बेनीवाल ने प्रसाद वितरण किया और इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया। यह पहल न केवल महिलाओं के लिए सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि शमशान घाट में स्वच्छता और सम्मानजनक व्यवस्था की ओर एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।