कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Ashok Arora ने भाजपा के पूर्व मंत्री सुभाष सुधा पर कड़ा हमला बोला है। थानेसर के नव निर्वाचित विधायक अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने के लिए सुधा को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि सुधा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे बनाने से बाज नहीं आते, तो कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इलेक्शन के दौरान जी-जान से काम किया है और सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने झूठे मुकदमों को लेकर एसपी से भी बात की और कहा कि सुभाष सुधा और उनके बेटे के खिलाफ एक साथ मुकदमे दर्ज किए जाएं। अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कानून पर पूरा भरोसा है और पार्टी हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
अरोड़ा ने कहा कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर दबाव बनाने की कोशिश की गई। बूथ पर लड़ाई, गोलीबारी जैसी घटनाएं भी हुईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान गुंडों का सहारा लिया गया, जिससे शहर में डर का माहौल पैदा हो गया था।
अरोड़ा ने रोजगार और नौकरियों के मुद्दे पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 24 हजार नौकरियां निकालकर दीवाली मना रही है, लेकिन पिछले कार्यकाल की नौकरी के आंकड़े भी जनता को याद हैं। अरोड़ा ने कहा कि अधिकारी अब बिना पैसे लिए काम करेंगे, और वह खुद जरूरत पड़ने पर उनके दफ्तरों में जाकर बैठेंगे।
अंत में, अरोड़ा ने भाजपा पर ईवीएम सेटिंग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने 18-20 सीटों पर मशीनों की सेटिंग कर जनादेश को चुराया है, और जब तक राष्ट्र स्तर की पार्टियां ईवीएम का बहिष्कार नहीं करेंगी, लोकतंत्र को खतरा बना रहेगा।