हरियाणा के यमुनानगर जिले में मिल्क टोल प्लाजा खालिस्तानी कहने पर विवाद छिड़ गया। टोल पर जिला परिषद के वाइस चेयरमैन और टोल कर्मी के बीच टोल पर्ची को लेकर विवाद हो गया। टोल कर्मी ने जिला परिषद वाइस चेयरमैन पर अपनी पावर का गलत इस्तोमाल करने का आरोप लगाया है। टोल कर्मी ने कहा कि वाइस चेयरमैन ने उसे खालिस्तानी कहा और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। थाना छपार पुलिस प्रभारी बलबीर सिंह ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टोल कर्मी पर भड़के वाइस चेयरमैन
शिकायतकर्ता इंद्रप्रीत सिंह ने कहा कि वह टोल पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के वाइस चेयरमैन अग्नि विजय सिंह अपने साथियों के साथ टोल पर रुके। टोल कर्मी ने उन्हें टोल की पर्ची कटवाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें टोल फ्री है। टोल कर्मियों ने उनसे कहा कि आप अपना आई कार्ड दिखाएं। जिस पर अग्नि विजय भड़क गए और अभद्र व्यवहार करने लगे।
वाइस चेयरमैन ने टोल कर्मी के बीच हुई तीखी बहस
इंद्रप्रीत ने बताया कि आई डी दिखाने की बात सुनते ही अग्नि विजय उन पर भड़क गए और कहा कि यह टोल उनके एरिया में आता है। उन्हें पूरा अधिकार है कि वह इस टोल से जुड़े हुए सभी कागजात और फाइलों को चैक कर सकते हैं। इस पर जब सुरक्षाकर्मी और सुपरवाइजर उनसे बात करने लगे तो वाइस चेयरमैन के साथियों और टोल कर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई। वाइस चेयरमैन ने उन्हें खालिस्तानी कहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इंद्रप्रीत ने बताया कि वाइस चेयरमैन ने कहा कि वह उनकी दाढ़ी को फाड़ देंगे। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और कुछ ही देर में धीरे-धीरे सिख समुदाय से जुड़े लोग टोल पर इकट्ठे होने शुरू हो गए। इंद्रप्रीत सिंह द्वारा इसकी शिकायत थाना छपार पुलिस को लिखित में दी गई है। एसएचओ बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी।

