शहर में निकाली गई शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के दौरान मेयर मदन चौहान उल्टा झंडा लेकर शहर में घूमते हुए नजर आए। हालांकि उनके साथ अच्छी-खासी संख्या में भाजपा के नेतागण एवं सदस्य भी चल रहे थे, परंतु उन्हें किसी ने इस बात की जानकारी नहीं दी। वहीं जिन लोगों द्वारा वीडियों बनाया गया, उनके द्वारा सोशल मीडिया पर तेजी से वीडियों को वायरल किया जा रहा है।
वहीं आम आदमी पार्टी से राहुल भान का कहना है कि मेयर द्वारा उल्टा झंडा पकड़कर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज व गरिमा का अपमान बताते हुए सीएम विंडो पर इसकी शिकायत भी दी है।
आम आदमी पार्टी के जिला सचिव राहुल भान ने सीएम विंडो पर दी शिकायत में मेयर को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग रखी है। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को मेयर व भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी विपिन साहनी की ओर से शहर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया था। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान देने के लिए किया गया था।
किसी नेता व पदाधिकारी तक को नहीं पता चला कि राष्ट्रीय ध्वज उल्टा है। राष्ट्रीय ध्वज में केसरी रंग ऊपर और हरा रंग सबसे नीचे होता है, लेकिन मेयर उल्टा झंडा लेकर चले। इससे देश के साथ लोगों की देशभक्ति की गरिमा को भी ठेस पहुंची है। जिस पर कार्रवाई होना जरूरी है।

