नहीं थम रही विदेश भेजने के नाम पर ठगी, न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर ठगे 4.75 लाख

यमुनानगर

विदेश भेजने के नाम पर आए दिन ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है छप्पर थाना क्षेत्र के गांव ऊंचा चांदना से जहां पर निवासी सुखविंद्र सिंह को न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर ठगा गया। ऐजेंट पिता-पुत्र ने सुखविंद्र से 4 लाख 75  हजार रुपये ठग लिए।

ठगी के मामले में सुखविंद्र सिंह ने पंजाब के अमृतसर निवासी विक्रमजीत सिंह और उसके पिता लखविंद्र सिंह पर आरोप लगाया है। थाना छप्पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विदेश जाने की इच्छा रही अधूरी

Whatsapp Channel Join

ऊंचा चांदना निवासी सुखविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे पता चला था कि अमृतसर निवासी विक्रमजीत सिंह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। वह भी विदेश जाने का इच्छुक था। इसलिए आरोपी से इस बारे में बात की। आरोपी ने उसे न्यूजीलैंड भेजने की बात कही और इसके लिए पांच लाख रुपये मांगे।

सुखविंद्र को बातों में उलझाकर की ठगी

सुखविंद्र ने बताया कि आरोपी की बातों में आकर तीन नवंबर 2022 को 50 हजार रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए और दस्तावेज दे दिए। इसके बाद आरोपी ने दो लाख रुपये नकद लिए। तीन माह बाद मेडिकल के लिए सवा लाख रुपये मांगे। यह पैसा आनलाइन उसके खाते में डलवाया। आरोपी जल्द ही वीजा लगने की बात कहने लगे। आरोपी ने डेढ़ लाख रुपये और उससे ले लिए। इस तरह से काफी समय बीत गया लेकिन उसका वीजा नहीं लगा।

पैसे वापिस मांगने पर झूठे केस में फंसवाने की दी धमकी

सुखविंद्र द्वारा आरोपी विक्रमजीत से पैसे वापस मांगे तो वह टाल मटोल करने लगा। साथ ही उसने धमकी भी दी कि वह पैसा नहीं देगा। उसके पापा लखविंद्र सिंह पुलिस में है। किसी झूठे केस में फंसवा देंगे। आरोपी ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही उसका पैसा वापस किया। पुलिस ने इस शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।