➤ IMD ने पंचकूला से लेकर गुरुग्राम तक 15 जिलों में यलो अलर्ट किया जारी
➤ अगले 4 दिन तक बारिश की संभावना, कई जिलों में बादल और कुछ में तेज धूप
➤ अब तक सामान्य से 27% ज्यादा बरसात दर्ज, महेंद्रगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी
हरियाणा में मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD चंडीगढ़) ने आज राज्य के 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिलों के लिए है। इन जिलों में आज बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
राज्य में शुक्रवार को 12 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिनमें हिसार, रोहतक, भिवानी, गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, करनाल, फतेहाबाद, झज्जर, चरखी दादरी, जींद और महेंद्रगढ़ शामिल हैं। बारिश के चलते सोनीपत में जलभराव की स्थिति बन गई, जिसके चलते खेल मंत्री गौरव गौतम को जूते तक उतारने पड़े।
IMD के मुताबिक, हरियाणा में इस बार अब तक 86.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 68 मिमी बारिश होती है। यानी राज्य में अब तक 27% अधिक वर्षा हो चुकी है।
वर्तमान मौसम के आंकड़े बताते हैं कि महेंद्रगढ़ में सबसे ज्यादा तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो पिछले दिन की तुलना में 3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं कुरुक्षेत्र में तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट (0.9 डिग्री) दर्ज की गई और वहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
राज्य के कुछ जिलों में जैसे रेवाड़ी, यमुनानगर, फरीदाबाद, नूंह, सिरसा, हिसार, नारनौल और जींद में धूप खिली रही, जबकि भिवानी, फतेहाबाद, करनाल, सोनीपत, झज्जर, कैथल, पंचकूला और कुरुक्षेत्र में बादल छाए रहे।
अगले 4 दिनों तक बारिश की स्थिति बनी रहेगी, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।