➤चंडीगढ़ पुलिस ने कुल्लू (हिमाचल) निवासी आरोपी को 435 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया।
➤आरोपी फल-सब्जियों की गाड़ियों में छिपाकर चरस लाता था।
➤पुलिस आरोपी के नेटवर्क और संभावित सप्लाई लोकेशन की जांच में जुटी है।
चंडीगढ़ पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से चरस लाकर चंडीगढ़ में सप्लाई करने वाले एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान धनी राम, निवासी गांव मानसा, जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 435 ग्राम चरस बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि धनी राम पेशे से किसान है और हिमाचल में खेती करता है। उसने स्वीकार किया है कि वह चरस को कुल्लू से खरीद कर लाता था और चंडीगढ़ में फल, सब्जियों की गाड़ियों में छिपाकर इसकी तस्करी करता था। चरस की सप्लाई कहां की जानी थी, इसे लेकर पूछताछ जारी है।
थाना मनीमाजरा पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल से चरस की एक बड़ी खेप चंडीगढ़ लाई जा रही है। इसके बाद एएसआई सुमन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की निगरानी शुरू की। कुछ दिन तक सादी वर्दी में काम कर रही टीम ने मनीमाजरा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को भागते देखा। शक होने पर जब उसे रोका गया तो वह पुलिस को चकमा देकर भागने लगा।
थोड़ी ही दूरी पर पुलिस ने उसे धर दबोचा और तलाशी के दौरान उसके पास से 435 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धनी राम यह चरस किन-किन स्थानों पर सप्लाई करने वाला था। जांच का एक एंगल यह भी है कि क्या यह नशा क्लबों, बार या स्कूल-कॉलेज के युवाओं तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा, पुलिस हिमाचल में चरस सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोतों की पहचान करने के लिए भी प्रयास कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा, जिसमें अन्य संभावित तस्करों की गिरफ्तारी की भी संभावना जताई जा रही है।