Naib Saini condolence visit: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंचे और पूर्व सांसद एवं तीन बार मंत्री रहे किशन कपूर के परिवार से मुलाकात की। किशन कपूर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने उनके परिवार को ढांढस बंधाया। वह करीब आधे घंटे तक कपूर के परिजनों के साथ रहे और फिर हेलिकॉप्टर से चंडीगढ़ लौट गए।
नायब सैनी सुबह 10 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुए और करीब 11:15 बजे साईं ग्राउंड, धर्मशाला में हेलिकॉप्टर से उतरे। उनके दौरे की जानकारी हरियाणा सीएम कार्यालय ने पहले ही हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव, डीजीपी और कांगड़ा डीसी को दे दी थी।
पूर्व सांसद किशन कपूर का 1 फरवरी को पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया था। वह 74 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। किशन कपूर धर्मशाला विधानसभा से पांच बार विधायक चुने गए और 1998, 2008 और 2017 में प्रदेश सरकार में मंत्री रहे। 2019 में वह कांगड़ा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे।
वह अपने पीछे पत्नी रेखा कपूर, बेटा शाश्वत कपूर और बेटी प्रगति कपूर को छोड़ गए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने परिवार के इन सदस्यों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि किशन कपूर का योगदान हिमाचल की राजनीति में अविस्मरणीय रहेगा।