अमृतसर नगर निगम में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी रणनीति को धार देते हुए दो आजाद पार्षदों को शामिल कर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल की मौजूदगी में वार्ड नंबर 67 की पार्षद अनीता रानी और वार्ड नंबर 63 की ऊषा रानी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस कदम से AAP ने मेयर पद की लड़ाई में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह ने पार्षदों का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान और उचित जिम्मेदारियां दी जाएंगी। दोनों पार्षदों ने AAP की पारदर्शी और जनहितैषी नीतियों की सराहना करते हुए इसे अपनी राजनीतिक यात्रा के लिए सही दिशा बताया।
कौन होगा मेयर? AAP के भीतर भी मची खींचतान
नगर निगम चुनाव में सिर्फ 24 सीटें जीतने के बावजूद AAP ने 50 पार्षदों के समर्थन का दावा किया है। पार्टी नेताओं के अनुसार, यह संख्या मेयर पद की दौड़ में निर्णायक साबित हो सकती है। हालांकि, पार्टी के भीतर भी मेयर पद को लेकर खींचतान तेज हो गई है। प्रियंका शर्मा, जसमीत सिंह, अशोक कुमार और नताशा शिव जैसे कई दावेदार इस रेस में शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सही समय आने पर AAP अपनी पूरी रणनीति का खुलासा करेगी। वहीं कांग्रेस के लिए सबसे ज्यादा पार्षद होने के बावजूद मेयर पद दूर होता नजर आ रहा है। AAP का यह दांव अमृतसर की राजनीति में बड़ा मोड़ ला सकता है।