Mahakumbh 2025 Attack: प्रयागराज में महाकुंभ 2025 के दौरान गुरुवार रात एक बड़ा हमला हुआ। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर कुछ अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आशीर्वाद लेने के बहाने कुछ लोगों ने उनकी कार को रुकवाया और चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान उनके तीन शिष्यों पर भी वार किए गए। सभी घायलों को महाकुंभ के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।
परमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली AIIMS रेफर
महाकुंभ के दौरान श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी परमानंद महाराज की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें पहले केंद्रीय अस्पताल और फिर SRN हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली के AIIMS रेफर कर दिया गया।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़, संगम स्टेशन बंद
आज महाकुंभ का 33वां दिन है और अब तक 49.14 करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने संगम स्टेशन को आज भी बंद रखने का फैसला किया है।
इसके अलावा, श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के कारण प्रयागराज में कक्षा 8 तक के स्कूल दो दिन (आज और कल) तक बंद रहेंगे। हालांकि, ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी।
चार वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाएंगे, संगीत कार्यक्रम शुरू
महाकुंभ में 14 से 17 फरवरी के बीच चार वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाने की योजना है। इसके तहत संगम तट पर गंगा पंडाल में भव्य संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आज से शुरू हो रहे इस कार्यक्रम में बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर, मोहित चौहान, कविता सेठ और नवदीप वडाली सहित कई कलाकार प्रस्तुति देंगे।
महाकुंभ में आज का कार्यक्रम:
- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दोपहर 2 बजे संगम स्नान करेंगे और 4:50 बजे वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
- केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल दोपहर 12:08 बजे ट्रेन से प्रयागराज पहुंचेंगे।