सलमान खान के घर फायरिंग मामले में फरार लारेंस बिश्नोई गैंग के शूटर सुक्खा को Panipat से गिरफ्तार किया गया। उसे पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस और पानीपत पुलिस ने एक ऑपरेशन चलाया था। सुक्खा पानीपत के एक निजी होटल में छिपा हुआ था और अपनी पहचान छुपाने के लिए उसने बाल और दाढ़ी बढ़ा रखी थी। गिरफ्तारी के वक्त वह नशे में धुत था और अपना नाम तक सही से नहीं बता पा रहा था।
सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग में मुख्य आरोपी
करीब 6 महीने पहले सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुबह के वक्त फायरिंग की गई थी। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस ग्रुप ने ली थी, जिसके बाद पुलिस ने कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ में सुक्खा का नाम भी सामने आया था।
सुक्खा की गिरफ्तारी
पानीपत पुलिस के मुताबिक सुक्खा के बारे में जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने लोकल पुलिस से संपर्क किया। दोनों पुलिस टीमों ने मिलकर नई अनाज मंडी कट के पास स्थित होटल में छापेमारी की। होटल के रिसेप्शन से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने सुक्खा को उसके कमरे से गिरफ्तार किया। हालांकि, तलाशी के दौरान उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ।