Bihar Politics-Nitish Kumar Resign Update : बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल की बैठक में नेता चुन लिया गया है। उन्होंने बिहार में नई सरकार बनाने के लिए राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को 128 विधायकों के समर्थन की चिट्ठी सौंपी है। बता दें कि बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए कुल 122 विधायकों की जरूरत है। ऐसे में नीतीश कुमार ने राज्यपाल को चिट्ठी सौंपते हुए सरकार बनाने का दावा किया है।
गौरतलब है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार गिर चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा देने के बाद मीडिया से भी बातचीत की थी। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार के साथ शपथ ग्रहण समारोह में आज 8 और मंत्री शपथ ले सकते हैं। शपथ लेने वाले मंत्रियों में सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, सुमित कुमार सिंह, विजय चौधरी, संतोष कुमार सुमन, सुमित कुमार सिंह, विजेंद्र प्रसाद यादव और प्रेम कुमार के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद शाम साढ़े 5 बजे कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई गई है। एनडीए के सभी विधायक अणे मार्ग स्थित सीएम हाउस में हैं। यहां विधायकों के लिए लंच की व्यवस्था की गई है। जिसमें वेज और नॉनवेज दोनों प्रकार के खाने का प्रबंध किया गया है।
वहीं नीतीश कुमार का कहना है कि पहले गठबंधन को छोड़कर नया गठबंधन बनाया गया था। उन्हें इसमें आकर हालात ठीक नहीं लगे। हम लोग इतनी मेहनत कर रहे थे, लेकिन सारा श्रेय दूसरे लोग ले रहे थे। बताया जा रहा है कि बिहार के राज्यपाल ने नीतीश कुमार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। नई सरकार के गठन तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के बाद ही अपना इस्तीफा देने के लिए रवाना हुए थे। नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने आज इस्तीफा दे दिया है और अलग हो गए है। अब हम लोग नए गठबंधन में जा रहे हैं। पहले जो पार्टियां एक थीं (जदयू और भाजपा), वह आज जो फैसला लेंगी, उस पर आगे बताया जाएगा। वहीं नीतीश कुमार के इस कदम को इंडिया गठबंधन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। बता दें कि इंडिया गठबंधन का सूत्रधार वह खुद थे।

सूत्रों की मानें तो बिहार के भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिंह को उपनेता चुना गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया है। सम्राट चौधरी का कहना है कि वह सभी विधायकों का धन्यवाद करते हैं। जब उन्हें नीतीश कुमार से प्रस्ताव मिला तो उन्होंने समर्थन देने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि वर्ष 2024 में 40 में से 40 सीट दिलाने का काम किया जाएगा। गौरतलब है कि नीतीश ने भाजपा का समर्थन पत्र देकर बिहार में नई सरकार बनाने का दावा किया है। इससे पहले उन्होंने सीएम हाउस में नीतीश की पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफे का ऐलान किया। बताया जा रहा है कि आज शाम को ही शपथ ग्रहण हो सकता है। जेडीयू और भाजपा से 3-3 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। कयास लगाए जा रहे है कि शाम को होने वाले शपथ समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हो सकते हैं। जेपी नड्डा दोपहर 3 बजे तक पटना पहुंच सकते हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 537 दिन के बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौंपते हुए भाजपा के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया है। बता दें कि नीतीश कुमार ने इससे पहले 9 अगस्त 2022 को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद उन्होंने राजद और कांग्रेस गठबंधन के साथ मिलकर महागठबंधन सरकार बनाई थी। अब वह इस्तीफे के बाद भाजपा के सहयोग से सरकार बनाने का दावा पेश कर रहे हैं। बता दें कि नई सरकार में जीतन राम मांझी की पार्टी भी शामिल होगी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुबह 11 बजे राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब वह भाजपा के सहयोग से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार ने राज्यपाल को सौंपे अपने इस्तीफे में बताया है कि उन्होंने महागठबंधन से नाता तोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने इस्तीफा देने के बाद कहा कि मैंने अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्हें चारों तरफ से राय मिल रही थी, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। बिहार में जो सरकार चल रही थी, उसे समाप्त कर दिया गया है। नीतीश कुमार का कहना है कि यहां सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। गठबंधन में स्थिति ठीक नहीं थी। कुछ काम भी नहीं हो पा रहे थे। अब वह नए गठबंधन के साथ बिहार में विकास की बहार लगाएंगे।

बिहार में भाजपा की तरफ से दो उप मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा का नाम सामने आ रहा है। सम्राट चौधरी ने सरकार में मिल रही जिम्मेदारी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। वहीं भाजपा विधायक समर्थन पत्र लेकर सीएम हाउस पहुंचे हैं, जहां विधायक दल की बैठक जारी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कहना है कि देश में कई नेता आया राम-गया राम हैं। पहले उन्होंने साथ मिलकर भाजपा से लड़ने का ऐलान किया था। मेरी लालू और तेजस्वी से बात हुई थी। उनका कहना था कि नीतीश जा रहे हैं। नीतीश रहना चाहते हैं तो रह सकते हैं, लेकिन वह जा रहे हैं। इंडिया गठबंधन जारी रहेगा।

वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नीतीश कुमार पर कटाक्ष किया है। उनका कहना है कि बार-बार राजनीतिक साझेदार बदलने वाले नीतीश कुमार रंग बदलने में गिरगिटों को भी कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इस विश्वासघात के विशेषज्ञ और उन्हें इशारों पर नचाने वालों को बिहार की जनता माफ नहीं करेगी। उधर आरजेडी के विधायक सुधाकर सिंह का आरोप है कि भाजपा आने वाले चुनाव में हार को देखकर नीतीश कुमार को साथ लाई है। नीतीश दिमागी रूप से कमजोर हैं, इसलिए नौकरशाहों के कहने पर वह भाजपा के साथ चले गए हैं।
