97

LoC की कई पोस्टों पर पाकिस्तानी सेना ने फायरिंग की: इंडियन आर्मी की जवाबी कार्रवाई, जानें

देश


LoC पर पाकिस्तानी फायरिंग का सेना ने दिया जवाब, नुकसान नहीं
घाटी में आतंकियों के खिलाफ एक्शन तेज, चार आतंकियों के घर उड़े
सिंधु जल संधि पर शाह के घर हाईलेवल बैठक, हर बूंद रोकने की तैयारी


पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात LoC पर कई पोस्टों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। जवाब में भारतीय सेना ने भी हल्के हथियारों से फायरिंग की, लेकिन इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। सेना नियंत्रण रेखा (LoC) पर हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है।

इसी बीच पहलगाम आतंकी हमले के बाद कश्मीर घाटी में सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों के घरों को विस्फोट से ध्वस्त कर दिया। ये कार्रवाई आतंकी मददगारों पर दबाव बनाने के लिए की गई है। त्राल में आतंकी आसिफ शेख, अनंतनाग में आदिल ठोकेर, पुलवामा के मुर्रान में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा अहसान उल हक, और काचीपोरा में लश्कर-ए-तैयबा आतंकी हारिस अहमद के घरों को उड़ाया गया।

Whatsapp Channel Join

सूत्रों के मुताबिक, अहसान उल हक वर्ष 2018 में पाकिस्तान जाकर आतंकी ट्रेनिंग ले चुका था। घाटी में बढ़ती आतंकी गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षाबल अब सिर्फ एनकाउंटर तक सीमित नहीं रहकर संपत्ति ध्वस्तीकरण जैसे सख्त कदम भी उठा रहे हैं।

इधर गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर शुक्रवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ सिंधु जल संधि को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक के बाद पाटिल ने कहा कि सरकार अब सिंधु जल संधि पर शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म रणनीति पर काम कर रही है ताकि पाकिस्तान को पानी की एक बूंद भी न मिले। इसके लिए जल्द ही नदियों से गाद निकालने का काम शुरू किया जाएगा, ताकि जलप्रवाह को रोका जा सके।

इस बीच सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने घाटी का दौरा कर पहलगाम हमले के बाद की स्थिति का जायजा लिया और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी श्रीनगर पहुंचे और वहां उन्होंने पहलगाम हमले में घायल हुए नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।