- रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, आज लेंगी शपथ।
- योगी सरकार का चौथा बजट आज, इंफ्रास्ट्रक्चर और किसानों पर रहेगा फोकस।
- चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का पहला मैच बांग्लादेश से, प्लेइंग-11 पर दुविधा।
रेखा गुप्ता आज दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी
दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर जारी सस्पेंस खत्म हो गया है। विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से नेता चुना गया है। वह आज यानी 20 फरवरी को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12:35 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उनके साथ नए मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ ग्रहण करेंगे।
योगी सरकार आज पेश करेगी अपना चौथा बजट
योगी सरकार आज अपने दूसरे कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेगी। इस बजट में विकास योजनाओं को गति देने और उत्तर प्रदेश को दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में बड़े ऐलान हो सकते हैं। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और किसानों के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे। अनुमानित 8 लाख करोड़ रुपये के बजट में लोकलुभावन और कल्याणकारी योजनाओं का पिटारा खुल सकता है। इस बजट में वर्ष 2022 में जारी घोषणा पत्र को पूरा करने की झलक भी देखने को मिलेगी।
चैंपियंस ट्रॉफी: भारत का पहला मुकाबला आज बांग्लादेश से
भारतीय क्रिकेट टीम का हालिया प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। यही वजह है कि चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हैं। टीम को हर हाल में इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारत आज बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। हालांकि, प्लेइंग-11 को लेकर टीम मैनेजमेंट असमंजस में है। मोहम्मद शमी के खेलने की संभावना पक्की है, लेकिन हर्षित और अर्शदीप में से किसे मौका मिलेगा, इस पर अब भी फैसला होना बाकी है।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर
महाकुंभ का आज 39वां दिन है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। संगम में अब तक 56 करोड़ से अधिक लोग डुबकी लगा चुके हैं। माना जा रहा है कि मेले के समापन तक यह संख्या 60 करोड़ के पार पहुंच सकती है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर आज अफ्रीका रवाना होंगे
विदेश मंत्री एस. जयशंकर जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए आज दक्षिण अफ्रीका के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान उनकी द्विपक्षीय वार्ताएं भी होने की संभावना है। उधर, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इस बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की नीतियों को अमेरिका के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ बताया है।