Lok Sabha Elections 2024 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कल कांग्रेस ने एक झूठ का पुलिंदा जारी किया है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में भारत के टुकड़े करने की बू आती है। उसने अपना घोषणा पत्र जारी किया है। झूठ का यह पुलिंदा कांग्रेस की एक बहुत बड़ी सच्चाई कांग्रेस को बेनकाब करने वाला घोषणा पत्र है। आप देखिए हर पन्ने पर भारत के टुकड़े करने की बू आ रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो सोच आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिन में और बड़े फैसले लेने जा रहा हूं। मैं पूरी तैयारी करके बैठा हूं। 10 साल में जो कार्रवाई हुई, वह ट्रेलर है। अभी बहुत कुछ बाकी है।
यह बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान अजमेर के पुष्कर के मेला मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार देश के 80 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त अनाज देती है। 10 साल में 30 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा गरीबों के खाते में सीधे भेजे हैं। कांग्रेस की सरकार में पैसा बीच में लूट लिया जाता था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है कि एक तो करेला ऊपर से नीम चढ़ा। कांग्रेस जहां रहती है, वहां विकास हो ही नहीं सकता। वर्ष 2014 में आप जैसे जागरूक मतदाताओं की वजह से देश को भारतीय जनता पार्टी की सरकार मिली, जिसके चलते आज भारत समुद्र पर पुल बना रहा है। पहाड़ों में सुरंग बना रहा है। सीमाओं को सुरक्षित कर रहा है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम राम से अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी तादाद में मेरी जहां भी नजर पड़ती है, माताएं बहनें दिख रही हैं। मैं उनको विशेष रूप से प्रणाम करता हूं। इतनी गर्मी में आप मुझे आशीर्वाद देने के लिए इतनी बड़ी संख्या में आए हैं। लगता है राजस्थान नया इतिहास लिखने जा रहा है। मैं सर झुका करके आपको प्रणाम करता हूं। जय पुष्कर राज रे परमपिता ब्रह्मा जी की जय जय श्रीमन नारायण सावित्री माता की जय। अजमेर नागौर क्षेत्र वीर तेजाजी महाराज और मीराबाई की आध्यात्मिक भूमि है। यह क्षेत्र राष्ट्र गौरव चौहान जैसे शूरवीरों की शौर्य भूमि है। मैं इस महान धरती से राजस्थान की महान अंकित विभूतियों को सर झुका करके नमन करता हूं। आज 6 अप्रैल को ही भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई, ये सहयोग देखिए आज कि ही मुझे पुष्कर क्षेत्र में आने का सौभाग्य मिला है।
पीएम मोदी बोलें कांग्रेस के एक पीएम ने कहा था कि दिल्ली से 1 रुपये भेजते हैं तो 15 पैसा पहुंचता है। यदि 30 लाख करोड़ रुपये उनके पास होते तो क्या होता? हमने जांच की तो पता चला कि कांग्रेस ने 10 करोड़ से ज्यादा ऐसे फर्जी लाभार्थी बनवाकर रखे थे, जिनका कभी जन्म ही नहीं हुआ। योजनाएं उनके नाम पर चढ़ जाती थी। आपके हक का पैसा सीधे कांग्रेस के बिचौलियों के पास जा रहा था। मोदी ने कहा कि हमें 2047 तक भारत को विकसित बनाना है। हमें भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाना है। हमें भारत का आत्मनिर्भर बनाना है। यह तभी संभव होगा जब देश की आधी आबादी की भागीदारी का विस्तार होगा। माता-बहनों का सम्मान सुरक्षा यह मोदी की गारंटी है। इसलिए नारी भी कह रही है कि हम मोदी को जिताएंगे, यह नारी की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि यह जो देश के बड़े बड़े नामदार हैं। कांग्रेस और शाही परिवार के बड़े-बड़े नामदार मोदी को गाली देते हैं। शायद गाली देना उनका काम है, लेकिन यह मोदी ऐसा कामदार है जो हर गाली को पचा जाता है। यह मोदी से इसलिए नाराज हैं, क्योंकि मोदी आज देश के गांव गरीब के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। जनता के पैसे को लूटना यह लोग अपना खानदानी हक समझते थे, लेकिन आज मोदी ने लूट की इस बीमारी का परमानेंट इलाज कर दिया है। मोदी ने इनकी लूट की दुकान का शटर गिरा दिया है, इसलिए यह बौखलाए हुए हैं।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक सांसद के पास 300 करोड़ रुपये नकद मिले थे। पैसा गिनते-गिनते मशीन थक गई थी। घमंडिया गठबंधन मोदी से इसलिए चिढ़ता है। कांग्रेस के लोग समझ लें, जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतना ही खिलने वाला है। कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए रैली नहीं कर रही है, भ्रष्टाचारी को बचाने के लिए कर रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जो चला गया, कांग्रेस ने उसे 6 साल के लिए निकाल दिया। हमारे यहां तो राम-राम सा करके प्रणाम करते हैं। राम के खिलाफ इतना गुस्सा मेरे दिमाग में नहीं बैठ रहा है।

