Manipur के जिरीबाम जिले में आज सुबह बंदूकधारियों ने एक बुजुर्ग की सोते समय सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद जिरीबाम के ही पहाड़ी इलाके में दो समुदायों के बीच गोलीबारी हो गई। दूसरी तरफ इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट में देर रात भीड़ ने मणिपुर राइफल्स हेडक्वार्टर पर हमला कर दिया।
गुस्साई भीड़ सुरक्षाबलों से हथियार छीनना चाहती थी। पुलिस ने CRPF जवानों के साथ मिलकर जवाबी कार्यवाही की। उन्होंने पैलेट गन से कई राउंड फायरिंग की। मॉक बम और आंसू गैस के गोले भी दागे। सुरक्षाबलों और भीड़ के बीच रातभर संघर्ष चला। 5 लोगों के घायल होने की खबर है। उन्हें JNIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक हथियार या गोला-बारूद लूटे जाने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि दोनों जगहों पर हिंसा में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।