Haryana Politics : लोकसभा चुनाव के चलते हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद आज बुधवार को कांग्रेस युवराज राहुल गांधी समीकरण बदलने के लिए पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी जिला सोनीपत में आज जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा का आयोजन सोनीपत की नई अनाज मंडी में किया जा रहा है। जिसे कांग्रेस ने न्याय का हक महासभा का नाम दिया है।
सोनीपत में राहुल गांधी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी के लिए वोट की अपील करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसभा में लोगों की भारी भीड़ जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी दोपहर बाद नई अनाज मंडी में पहुंचेंगे। कांग्रेस ने जनसभा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिसकी तैयारियां खरखौदा के कांग्रेस विधायक जयबीर वाल्मीकि की देखरेख में हुई। जनसभा स्थल को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। यहां राहुल गांधी के आगमन को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जनसभा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अध्यक्ष उदयभान और प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी हरियाणा में 3 कार्यक्रमों में भाग लेंगे। पहले राहुल गांधी चरखी दादरी पहुंचेंगे। इसके बाद सोनीपत में कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। वहीं शाम को पंचकूला में संविधान सम्मान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। बता दें कि सोनीपत लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी व भाजपा के मोहनलाल बड़ौली के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। वहीं चुनाव को भाजपा के पक्ष में करने के लिए 18 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोहाना में रैली कर चुके हैं। वहीं सोनीपत के अंतर्गत आने वाले जींद में मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा रोड शो कर चुके हैं। इनको देखते हुए अब कांग्रेस भी दबाव में है। दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी की सभा के बाद कांग्रेस की स्थिति मजबूत होगी।
