BJP की ओर से निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल को करनाल लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद प्रथम बार करनाल लोकसभा क्षेत्र में पधारने पर 19 मार्च मंगलवार को घरौंडा अनाज मंडी में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। अभिनंदन समारोह में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
यह जानकारी BJP जिला अध्यक्ष Dushyant Bhatt ने पानीपत जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दी। बैठक को सांसद संजय भाटिया, पानीपत शहर विधायक प्रमोद विज ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुकेश सैनी के नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा को ज्वाइन किया। BJP जिला अध्यक्ष Dushyant Bhatt ने कहा कि दानवीर कर्ण की पवित्र नगरी करनाल से निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल को BJP ने अपना प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के इस निर्णय से सभी कार्यकर्ता उत्साहित हैं।

कार्यकर्ताओं के इस अद्भुत जोश और उत्साह से स्पष्ट है कि संत स्वभाव के मनोहर लाल करनाल संसदीय क्षेत्र से जीत का नया रिकॉर्ड बनाएंगे। जिला अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि हरियाणा सहित भारत में 18 और 19 वर्ष के लगभग दो करोड़ नए मतदाता है, जो लोकतंत्र का प्रथम संस्कार ग्रहण करके अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। इस अवसर पर BJP ज्वाइन करने वालों में मोनू सैनी, गोविन्द सैनी, राजेश सैनी, राजकुमार, लहणाराम, प्रमोद सैनी, सन्नी सैनी, सुनील सैनी, पंकज सैनी, दीपक सैनी, मोनू सैनी, टिंकू सैनी, मोहित वाल्मीकि, गोल्डी, साहिल, सोनू सैनी, मनीष सैनी, दिलबाग सैनी सहित अन्य गणमान्य शामिल रहे।
सभी 16 मंडल अध्यक्षों को सौंपी जिम्मेदारियां
बैठक में पानीपत जिले के सभी 16 BJP मंडल अध्यक्षों को घरौंडा अनाज मंडी में आयोजित होने जा रहे अभिनंदन समारोह को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि कार्यकर्ता समर्पित भाव से पार्टी के लिए कार्य करें और समाज के हर वर्ग से संपर्क कर मनोहर लाल जी को सबसे अधिक मतों से जीत दिलाना सुनिश्चित करें।

युवाओं का प्रेम BJP की ताकत : संजय भाटिया
सांसद संजय भाटिया ने कहा कि भारत युवाओं की आकांक्षाओं का देश है और भारतवर्ष अपनी युवा शक्ति और सामर्थ्य पर गर्व करता है | युवाओं का यही आत्म विश्वास सर्वतोमुखी उन्नति के स्वप्न को साकार करेगा। युवा वर्ग का BJP के प्रति प्रेम ही पार्टी की ताकत बन रहा है। उन्होंने BJP में शामिल होने वाले नवयुवकों को पार्टी की नीतियों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गली मोहल्ले तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

सुशासन के लिए युगों-युगों तक किया जाएगा याद : प्रमोद विज
पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि आज विकसित भारत विकसित हरियाणा के मूलमंत्र को हरियाणा की राज्य सरकार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में लगातार सशक्त रही है और पारदर्शिता और सुशासन के लिए युगों-युगों तक याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभिनंदन समारोह में पानीपत शहर से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बढ़-चढ़ कर भाग लेंगे।