हरियाणा के जिला हिसार लोकसभा सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद नाराज चल रहे कुलदीप बिश्नोई को मनाने के लिए भाजपा ने अब नई चाल चली है। पार्टी ने कुलदीप बिश्नोई के विधायक बेटे भव्य बिश्नोई को भाजपा में नई जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही भव्य बिश्नोई ने ट्वीट कर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया है।
बता दें कि हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कुलदीप बिश्नोई के विधायक बेटे भव्य बिश्नोई को भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। विधायक भव्य ने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री सैनी का आभार जताते हुए लिखा है कि वह प्रदेश के युवाओं को भरोसा दिलाते हैं कि उनकी आवाज को जोर-शोर से उठाया जाएगा। साथ ही वह युवाओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।

बता दें कि गत दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के साथ उनके दिल्ली आवास में मुलाकात की थी। इसके बाद चर्चाओं का बाजार गर्म था कि मुख्यमंत्री सैनी ने टिकट नहीं मिलने और बेटे को मंत्री पद नहीं दिए जाने से नाराज चल रहे कुलदीप बिश्नोई को मना लिया है।
इस दौरान कुलदीप बिश्नोई ने भी जल्द ही हिसार लोकसभा सीट पर चुनाव प्रचार में उतरने की बात कही थी। फिर भी कयास लगाए जा रहे हैं कि कुलदीप बिश्नोई अंदर खाते अभी भी पार्टी से नाराज दिख रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य को नई जिम्मेदारी सौंपी है।