Haryana Politics : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के 400 पार के नारे पर चुटकी लेते नजर आए हैं। उन्होंने कहा कि साउथ में भाजपा साफ है, नॉर्थ में भाजपा हाफ है, इसलिए भाजपा का गिर गया ग्राफ है। भूपेंद्र हुड्डा ने एक बार फिर हरियाणा सरकार से नैतिकता के आधार पर त्याग पत्र देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अल्पमत की सरकार है, इसलिए तुरंत प्रभाव से त्याग पत्र होने चाहिए या फिर राज्यपाल को विधानसभा भंग कर जल्द चुनाव करवाना चाहिए।
यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह ने शुक्रवार को रोहतक स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। वहीं फर्जी वोटिंग के सवाल पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह काम चुनाव आयोग का है। जिस उम्मीदवार को यह लगता है कि उसके क्षेत्र में फर्जी वोटिंग हुई है, उसे चुनाव आयोग को शिकायत करनी चाहिए। फर्जी वोटिंग रोकना सरकार और प्रशासन का काम है। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा फर्जी वोटिंग के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार बताने के बयान पर भी कटाक्ष किया। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह मनोहर लाल के बयानों से स्पष्ट होता है कि उनमें बौखलाहट पैदा हो गई है।

दिल्ली में पानी की बढ़ती किल्लत पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा में भी पानी की किल्लत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में ऐसी सरकार है, जो भाखड़ा बांध से अपने हिस्से का पानी भी नहीं ले पाई है। जिसके चलते पानी की किल्ल्त बनी हुई है। यह कमजोर सरकार की निशानी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को भाखड़ा बांध से अपने हिस्से का पानी मिलना ही चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में लोगों का रुझान कांग्रेस की तरफ साफ दिखाई देता है, क्योंकि वह हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में गए हैं। इस दौरान उन्हें पता चला है कि अबकी बार कांग्रेस के पक्ष में हरियाणा में परिवर्तन होने वाला है। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार से हर वर्ग दुखी है। सबसे पहले तो इन्होंने किसानों के साथ किए वादों को पूरा नहीं किया, दूसरा किसानों की लागत बढ़ा दी है। जिससे किसानों का खेती करना मुश्किल हो गया है।
