Haryana former CM Manohar Lal ने प्रदेश में चल रही राजनीतिक उठा पटक पर फिर से बयानबाजी दी है। मनोहर लाल ने कहा कि अब यह चैप्टर क्लोज हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से निश्चित है, सरकार पर कोई खतरा नहीं है। हमारा भी कई विधायकों के साथ संपर्क है। जिसमें कांग्रेस के भी कई नेता शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल कहना है कि वह भी यही चाहते हैं कि सरकार न टूटे। उन्होंने कहा कि वैसे भी संवैधानिक तौर पर नायब सैनी सरकार ने विश्वासमत हासिल कर रखा है। 6 महीने से पहले दोबारा फ्लोर टेस्ट संभव नहीं है। अगर इसकी भी जरूरत आन पड़ी तो यह फैसला स्पीकर और राज्यपाल लेंगे।
यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान मनोहर लाल ने कई लोगों को पटका पहनाकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल किया। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अमरजीत सिंह भाजपा में शामिल किया। लोगों को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने जननायक जनता पार्टी की हिसार लोकसभा प्रत्याशी नैना चौटाला के काफिले पर शुक्रवार को किए गए हमले की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र में धब्बा हैं। मनोहर लाल ने कहा कि यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। कोई भी एक व्यक्ति इस तरह की हरकत करता है तो इसे विरोध नहीं माना जाना चाहिए। इस तरह की हरकतें लोकतंत्र पर धब्बा है।

वहीं उन्होंने हरियाणा में चल रही राजनैतिक उठापटक पर भी टिप्पणी की। मनोहर लाल ने बताया कि राष्ट्रीय नेताओं के कार्यक्रम बन चुके हैं और जल्द ही उनकी घोषणा कर दी जाएगी। राष्ट्रीय मुद्दों पर चुनाव के बारे में मनोहर लाल ने कहा कि यह चुनाव प्रधानमंत्री पद का है, इसलिए मुद्दे भी राष्ट्रीय हैं। क्योंकि उन्होंने देश का जो गौरव बढ़ाया है, वह दुनिया के सामने है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जहां तक कांग्रेस पार्टी के क्षेत्रीय मुद्दों का सवाल है, हम उन पर भी आएंगे, लेकिन फिलहाल देश का चुनाव है, देश का प्रधानमंत्री बनने का चुनाव है। क्षेत्रीय मुद्दों की बात विधानसभा चुनाव में करेंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रचार करने जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दौरा करेंगे। हरियाणा में भाजपा प्रदेश की सभी 10 सीटों पर अपनी जीत दर्ज करवाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा की नीतियों पर विश्वास है। देश और प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर चलकर आमजन का विकास किया जा रहा है।





