weather 27 3

मोदी युग है भारत का स्वर्णिम काल: अनिल विज, इंदिरा गांधी ने संविधान को रौंदा

राजनीति

➤अनिल विज ने मोदी कार्यकाल को बताया भारत का “स्वर्णिम युग”, वैश्विक मंच पर बढ़ा सम्मान।

➤अनुच्छेद 370, तीन तलाक और राम मंदिर को बताया ऐतिहासिक निर्णय; कांग्रेस पर साधा निशाना।

➤2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता जताई, विपक्ष पर जातिवाद का आरोप।

Whatsapp Channel Join

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4,078 दिन के कार्यकाल को भारत के इतिहास का “स्वर्णिम युग” करार दिया। उन्होंने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में भारत जिस अंतरराष्ट्रीय सम्मान और साख के साथ खड़ा हुआ है, वैसा देश ने पहले किसी प्रधानमंत्री के कार्यकाल में नहीं देखा। विज अंबाला में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य है कि 2047 तक भारत एक विकसित देश बन जाए, और इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। विज ने कहा, “हमसे बाद में आजाद हुए देश आज विकसित राष्ट्र बन चुके हैं, और भारत को भी उस राह पर ले जाने के लिए मोदी सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।”

विज ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण, और तीन तलाक की प्रथा को समाप्त करना ऐतिहासिक फैसले हैं, जिन्होंने भारत को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों ने दशकों पुराने विवादों का स्थायी समाधान दिया और देश की एकता को मज़बूती प्रदान की।

विज ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल को भारत का “सबसे दुर्भाग्यपूर्ण काल” बताया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी ने संविधान को रौंदा, लाखों लोगों को जेल में डाला और बोलने की आज़ादी छीन ली। “आज कांग्रेस उसी संविधान की बात कर रही है, जिसे उन्होंने खुद कुचला था,” विज ने जोड़ा।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा पीएम मोदी के ओबीसी स्टेटस को लेकर दिए गए बयान पर विज ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष देश को जातियों में बांटना चाहता है, जबकि भाजपा का मूल मंत्र है – “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास।” उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा धर्म या जाति की राजनीति नहीं करती, बल्कि राष्ट्र निर्माण में विश्वास रखती है।