Union Budget की चर्चा के दौरान हरियाणा को लेकर संसद में हंगामा(Ruckus in Parliament) मच गया। सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा और हिसार से सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी ने केंद्रीय बजट में हरियाणा को लेकर सवाल उठाए। इसके बाद जनता दल यूनाइटेड(JDU) के सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह नाराज हो गए। वहीं दीपेंद्र हुड्डा(Deepender Hooda) भी हरियाणा की बात पर जवाब देते हुए नजर आए।
बता दें कि ललन सिंह ने कहा यह हरियाणा का बजट नहीं है, देश का बजट है। यह सुनकर रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा नाराज हो गए। उन्होंने मंत्री से पूछा क्या हरियाणा भारत का हिस्सा नहीं है? दीपेंद्र हुड्डा ने इस तीखी बहस का वीडियो अपने X (पहले ट्विटर) हैंडल पर भी साझा किया, जिसमें ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ का लोगों भी इस्तेमाल किया गया है। सबसे पहले संसद में केंद्रीय बजट पर हो रही चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा और जयप्रकाश के भाषण पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “सैलजा का भाषण हरियाणा केंद्रित था।

अरे, यह देश का बजट है, हरियाणा का नहीं। जयप्रकाश जी भी हरियाणा पर ही बोल रहे थे। अरे, यह देश का बजट है, देश पर बात करो। केंद्रीय मंत्री के इस बयान पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “बार-बार मंत्री कह रहे हैं कि सैलजा और जयप्रकाश ने हरियाणा की बात की। हरियाणा की बात करना क्या गुनाह है? क्या हरियाणा भारत का हिस्सा नहीं(Haryana not a part of India) है?
संसद में तीखी बहस
दीपेंद्र हुड्डा के इस बयान पर संसद में सत्ता पक्ष ने विरोध प्रकट किया, लेकिन दीपेंद्र ने बोलना जारी रखा। उन्होंने कहा, “आपकी सरकार हरियाणा को भारत का हिस्सा कैसे नहीं मान सकती?”
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने आर्टिकल 1 का हवाला देते हुए कहा, “हरियाणा भारत का हिस्सा है। आर्टिकल 1 कहता है कि हर राज्य भारत का हिस्सा है। मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि यदि हरियाणा को केंद्रीय बजट में भुला दिया जाएगा तो हरियाणा के लोग भी आगामी विधानसभा चुनाव में वोट देना भूल जाएंगे।”

हरियाणा की उपेक्षा पर सवाल
दीपेंद्र ने कहा, “मंत्री जी कह रहे हैं कि हरियाणा की बात सदन में न हो, क्योंकि यह देश का बजट है। जब आपके बिहार और आंध्र प्रदेश को बजट में पैकेज मिला तो ठीक, जब अन्य राज्यों को परियोजनाएं मिलीं तो ठीक। लेकिन जब हरियाणा का नाम बजट में नहीं आता तो ठीक। अगर हम आइना दिखाएं तो तकलीफ होती है। हरियाणा बोलना कब से असंसदीय हो गया मंत्री जी?