हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज पीएम मोदी की पहली चुनावी रैली है। ऐसे में PM नरेंद्र मोदी भाजपा के प्रचार को धार देने के लिए कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में रैली में उपस्थित जनसभा को संबोधित कर रहे है। पीएम ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा को सेवा का मौका मिलना चाहिए। पीएम मोदी ने विश्वास जताते हुए कहा कि हरियाणा में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, उसे पूरा करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को 5 लाख तक के इलाज की गारंटी दी थी, जिसे पूरा किया गया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में विकास सिर्फ एक जिले तक सीमित था, जबकि भाजपा ने हरियाणा के सभी जिलों को विकास की राह पर जोड़ा। हिमाचल का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए। कांग्रेस ने हिमाचल में सब कुछ महंगा कर दिया है, जिसमें पेट्रोल-डीजल भी शामिल है। वहां कोई खुश नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देशभर में झूठे वादे किए हैं, जिन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार के चलते विकास कार्यों में तेजी आई है और 15 लाख करोड़ रुपये के नए काम किए जा चुके हैं।